भरत तिवारी एनकाउंटर को जाति का रंग देना गलत, जांच पूरी होने तक इंतजार करें : गुरु प्रकाश
पटना, 3 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने कई राजनीतिक मुद्दों पर टिप्पणी की, जिनमें भरत तिवारी एनकाउंटर को जातिगत रंग देने की कोशिश, राम मंदिर चढ़ावा विवाद और आतंकवाद के खिलाफ भारत-जापान के संयुक्त बयान शामिल हैं।
बिहार में भरत तिवारी एनकाउंटर को जातिगत रंग देने की कोशिश को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि हम सब पहले दिन से कह रहे हैं कि मामला अत्यंत गंभीर और संवेदनशील है, इस पर राजनीति करना ठीक नहीं है।
उन्होंंने कहा कि मुझे लगता है कि सरकार ने रिकॉर्ड 48 घंटे से कम समय में कार्रवाई की है। जांच कमेटी पटना हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज के नेतृत्व में गठित की गई है। इस मामले में दोषी पुलिस अधिकारियों का निलंबन भी हुआ है। आश्वस्त रहने और समय देने की जरूरत है, अकारण राजनीति करना और जातिगत रंग देना ठीक नहीं है।
राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी राम के नाम पर राजनीति कर रही है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता गुरु प्रकाश ने कहा कि वह आखिरी व्यक्ति होने चाहिए जो कुछ बोलें। कपिल सिब्बल अपनी वकालत के लिए नैतिकता और ईमानदारी भूल जाते हैं, यह सभी जानते हैं।
उन्होंने तंंज कसते हुए कहा कि भगवान राम के अस्तित्व पर अगर कोई सवाल उठाने वाला था तो वह कपिल सिब्बल ही थे और यही कांग्रेस पार्टी थी। आज वह किस नैतिकता के आधार पर इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्हें आत्ममंथन और आत्मचिंतन की जरूरत है।
भाजपा नेता ने आतंकवाद के खिलाफ भारत-जापान के संयुक्त बयान पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारत-जापान का संबंध बहुत पुराना है। दोनों देशों के प्रधानमंत्री की मुलाकात हुई और दीर्घकालिक समझौतों पर सहमति बनी है। दोनों देश हिंद महासागर में कैसे काम करें, साझा एजेंडा है, तकनीक है, सभी साथ में आए, यह अच्छी पहल है, इसका स्वागत करना चाहिए।
--आईएएनएस
एएसएच/एबीएम