अगले हफ्ते भारत की डिप्लोमेसी रहेगी सुर्खियों में: पीएम मोदी जाएंगे फिलीपींस, दिल्ली में होगा एससीओ समिट के सभ्यतागत मंच का आयोजन
नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। भारत की कूटनीति के लिहाज से आगामी सप्ताह भी काफी 'हैपनिंग' रहने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिलीपींस दौरे से लेकर आसियान-भारत शिखर सम्मेलन, पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन और नई दिल्ली में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के पहले सभ्यतागत संवाद मंच की मेजबानी तक कई महत्वपूर्ण गतिविधियां प्रस्तावित हैं।
इन बैठकों के जरिए भारत दक्षिण-पूर्व एशिया के साथ अपने रणनीतिक, आर्थिक और समुद्री संबंधों को नई दिशा देने के साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर अपनी भूमिका को मजबूत करने की कोशिश करेगा।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, पीएम नरेंद्र मोदी 16 और 17 नवंबर को फिलीपींस की राजधानी मनीला के दौरे पर रहेंगे। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री 17 नवंबर को 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। फिलीपींस इस वर्ष आसियान की अध्यक्षता कर रहा है।
भारत और आसियान के संबंधों को प्रधानमंत्री की एक्ट ईस्ट नीति और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति भारत के दृष्टिकोण का महत्वपूर्ण आधार माना जाता है। वर्ष 2026 को भारत और आसियान ने समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। ऐसे में मनीला की बैठकों में समुद्री सुरक्षा, व्यापार, संपर्क, डिजिटल अर्थव्यवस्था और क्षेत्रीय स्थिरता से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठ सकते हैं।
आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में दोनों पक्ष व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही 2026-2030 की कार्ययोजना के क्रियान्वयन और भविष्य में सहयोग के नए क्षेत्रों पर चर्चा होगी। भारत की प्राथमिकताओं में व्यापारिक संबंधों को मजबूत करना, आपूर्ति श्रृंखला को अधिक लचीला बनाना, डिजिटल तकनीक में सहयोग बढ़ाना और समुद्री क्षेत्र में साझेदारी को विस्तार देना शामिल है।
भारत और आसियान के बीच समुद्री सहयोग भी इस यात्रा का महत्वपूर्ण पहलू रहेगा। फिलीपींस के साथ रक्षा सहयोग और ब्रह्मोस मिसाइल सौदा भी दोनों देशों के बढ़ते रणनीतिक संबंधों का महत्वपूर्ण उदाहरण है।
मनीला में होने वाला 21वां पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन भी भारत के लिए अहम रहेगा। इस मंच पर क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के राजनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान होगा। अमेरिका, चीन, जापान, ऑस्ट्रेलिया और आसियान देशों की मौजूदगी इसे हिंद-प्रशांत क्षेत्र की महत्वपूर्ण कूटनीतिक बैठकों में शामिल करती है। प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान अन्य देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय मुलाकातों पर भी नजर रहेगी। मीडिया रिपोर्ट्स में क्वाड नेताओं की बैठक की संभावना भी जताई गई है।
भारत 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में शंघाई सहयोग संगठन के पहले सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम (सभ्यतागत संवाद मंच) की मेजबानी करेगा। इस आयोजन में सदस्य देशों के बीच साझा सभ्यतागत विरासत, सांस्कृतिक संबंधों और यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। भारत ने पाकिस्तान को भी इस मंच में भाग लेने का निमंत्रण दिया है। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर उम्मीद जताई है।
यह मंच इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एससीओ के सदस्य देशों के बीच सभ्यतागत संवाद को बढ़ावा देने का प्रस्ताव रखा था, जिस पर संगठन के नेताओं ने सहमति जताई थी।
इस लिहाज से देखें तो आगामी सप्ताह भारत के लिए बहुपक्षीय कूटनीति, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारी और क्षेत्रीय सांस्कृतिक संवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाला है।
--आईएएनएस
केआर/