भारत के नाम टी20 वर्ल्ड कप का दूसरा बड़ा स्कोर, 19 साल पुराना रिकॉर्ड भी टूटा
चेन्नई, 26 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में गुरुवार को टीम इंडिया का सामना जिम्बाब्वे के साथ हो रहा है। भारतीय टीम ने बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन के बूते टी20 विश्व कप इतिहास का दूसरा बड़ा स्कोर बनाया। इसके साथ ही यह भारत का टी20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा स्कोर भी है।
भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 256 रन लगाए। साल 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम ने 4 विकेट खोकर 218 रन बनाए थे। हालांकि, सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में इस रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है।
टी20 विश्व कप का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी टीम इंडिया के नाम हो गया है। टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर श्रीलंका के नाम पर है, जिसने साल 2007 में केन्या के विरुद्ध 6 विकेट खोकर 260 रन बनाए थे।
गुरुवार को जारी इस मुकाबले में टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ शुरुआत दी। संजू-अभिषेक ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 3.4 ओवर में 48 रन जोड़े। संजू सैमसन 15 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, अभिषेक को ईशान किशन के रूप में एक और बढ़िया जोड़ीदार मिला और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 72 रन जोड़े।
अभिषेक ने 30 गेंदों में 55 रन बनाए, तो ईशान ने 24 गेंदों में 38 रनों का योगदान दिया। अभिषेक ने इस विश्व कप में अपना पहला अर्धशतक लगाया। कप्तान सूर्यकुमार यादव भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 253 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 13 गेंदों में 33 रन बनाए। अपनी इस पारी के दौरान सूर्या ने 3 चौके और 2 छक्के लगाए। बल्लेबाजी क्रम में फेरबदल होने के बाद तिलक वर्मा 4 विकेट गिरने के बाद मैदान पर उतरे। तिलक ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 16 गेंदों में 44 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में तिलक ने 3 चौके और 4 छक्के लगाए।
वहीं, हार्दिक पांड्या भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने सिर्फ 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। 217 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए हार्दिक ने अपनी पारी में 2 चौके और 4 छक्के लगाए। हार्दिक-तिलक ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए महज 31 गेंदों में 84 रनों की अटूट साझेदारी जमाई, जिसके बूते भारतीय टीम टी20 विश्व कप के अपने सबसे बड़े टोटल तक पहुंचने में सफल रही।
--आईएएनएस
एसएम/आरएसजी