इंग्लैंड को घरेलू हालात का फायदा मिलेगा, टीम में सही तालमेल बिठाना भारत के लिए चुनौती: कपिव देव
ग्रेटर नोएडा, 18 जुलाई (आईएएनएस)। भारत और इंग्लैंड के बीच रविवार को वनडे सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच खेला जाना है। भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव का मानना है कि लॉर्ड्स में खेले जाने वाले इस निर्णायक मैच में इंग्लैंड को भारत पर थोड़ी बढ़त हासिल है। मेजबान टीम को घरेलू हालात का फायदा मिलेगा, जबकि भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती सही टीम तालमेल बिठाना रही है।
भारत ने एजबेस्टन में सीरीज का पहला मुकाबला 6 विकेट से अपने नाम किया था, लेकिन कार्डिफ में खेले गए अगले मैच को इंग्लैंड ने 4 विकेट से जीतकर सीरीज में 1-1 से बरारबरी हासिल कर ली थी।
'आईएएनएस' से बात करते हुए विश्व विजेता कप्तान ने सीरीज के निर्णायक मैच को बराबरी का मुकाबला बताते हुए कहा, "मुझे लगता है कि इस समय दोनों टीमें 50-50 की स्थिति में हैं। चूंकि, इंग्लैंड अपने घरेलू मैदान पर खेल रहा है, इसलिए आप कह सकते हैं कि उनके पास थोड़ी बढ़त है, शायद 51 प्रतिशत।"
उन्होंने आगे कहा, "जिस तरह से हमारी टीम ने टी20 और अब तक वनडे सीरीज में प्रदर्शन किया है, मुझे नहीं लगता कि टीम अभी पूरी तरह एकजुट हो पाई है। अगर यह भारतीय टीम एक यूनिट के तौर पर अच्छा खेलने लगती है, तो मैं उन्हें 60 प्रतिशत मौका भी दे सकता हूं।"
भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव ने ओपनर रोहित शर्मा के वनडे भविष्य को लेकर अटकलों के बीच उनकी जमकर तारीफ करते हुए कहा, "उन्होंने देश का भरपूर मनोरंजन किया है, ऐसा बहुत कम खिलाड़ी कर पाते हैं। वह उन शानदार क्रिकेटर्स में से एक हैं जिन्होंने हमें बहुत कुछ दिया है। अगर वह रिटायर हो रहे हैं, तो मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।
हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने तुरंत इन अफवाहों को खारिज कर दिया था। सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि वनडे में रोहित के भविष्य को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है, उन्होंने पुष्टि की है कि पूर्व कप्तान अभी भी भारत की योजनाओं का अहम हिस्सा हैं।
सैकिया ने शुक्रवार को 'आईएएनएस' से कहा, "रोहित शर्मा भारत के लिए एक अहम खिलाड़ी बने हुए हैं। लॉर्ड्स में होने वाले मैच के उनके आखिरी वनडे होने के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई है। पूरी टीम भविष्य में होने वाले अहम मैच पर फोकस कर रही है और ऐसी अटकलों पर ध्यान देने की कोई जरूरत नहीं है।"
कपिल ने टीम के हालिया प्रदर्शन को लेकर हो रही चर्चाओं के बीच भारत के हेड कोच गौतम गंभीर का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि पूर्व ओपनर के भविष्य पर फैसला बीसीसीआई (बीसीसीआई) और चयन समिति को करना है।
कपिल ने कहा, "यह फैसला क्रिकेट बोर्ड और चयन समिति को करना है। मुझे लगता है कि उन्होंने काफी अच्छा काम किया है और मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।"
--आईएएनएस
आरएसजी