भारत इलेक्ट्रॉनिक्स में टेक्नीशियन सहित कई पदों पर वैकेंसी, आवेदन के लिए 2 जुलाई अंतिम तारीख
नई दिल्ली, 11 जून (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे युवाओं के लिए भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) ने विषय/ट्रेड के अनुसार इंजीनियरिंग असिस्टेंट ट्रेनी (ईएटी - इलेक्ट्रॉनिक्स) के 1 और टेक्नीशियन ‘सी’ (इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक) के 6 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।
बीईएल की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 11 जून से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 2 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर भर्ती के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास इंजीनियरिंग असिस्टेंट ट्रेनी (ईएटी) पद के लिए संबंधित विषय में किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से इंजीनियरिंग में 3 वर्ष का डिप्लोमा और टेक्नीशियन पोस्ट के लिए संबंधित ट्रेड में एसएसएलसी के साथ आईटीआई और एक वर्ष की अप्रेंटिसशिप (नेशनल अप्रेंटिसशिप सर्टिफिकेट) होनी चाहिए।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जून के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर-आधारित परीक्षा/लिखित परीक्षा, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को इंजीनियरिंग असिस्टेंट ट्रेनी (ईएटी) पोस्ट के लिए 24,500 से 90,000 रुपए और टेक्नीशियन ‘सी’ पद के लिए 21,500 से 82,000 रुपए के बीच स्टाइपेंड दिए जाएंगे। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी मिलेंगे।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय अभ्यर्थियों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी(एनसीएल)/ईडब्ल्यूएस के लिए 590 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/पूर्व-सैनिक श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी