×

'भारत दुनिया की अर्थव्यवस्था में एकमात्र चमकता सितारा है', भाजपा प्रवक्ता गौरव वल्लभ का राहुल गांधी पर पलटवार

 

नई दिल्ली, 1 सितंबर (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने कहा कि मौजूदा वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में 7.8 फीसदी की जीडीपी ग्रोथ भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती को दिखाती है। भारत दुनिया में इकलौता चमकता सितारा है। भारत की अर्थव्यवस्था को 'डेड इकोनॉमी' कहने वाले राहुल गांधी को अपनी 'मेंटल डेडनेस' का इलाज कराना चाहिए।

भाजपा प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने कहा, "मौजूदा वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में 7.8 फीसदी ग्रोथ भारत की अर्थव्यवस्था की रेजिलियंस और स्ट्रेंथ को दिखाती है। इसको इस परिप्रेक्ष्य में देखना चाहिए कि पिछले तीन वित्तीय वर्ष 2024, 2025 और 2026 में भारत की जीडीपी ग्रोथ 7.2 फीसदी, 7.1 फीसदी और 7.7 फीसदी रही। मौजूदा वित्तीय वर्ष के पहले क्वार्टर में यह 7.8 फीसदी हुई। इसमें सबसे बड़ी बात यह है कि हमेशा भारत की अर्थव्यवस्था सर्विस इकोनॉमी कही जाती थी। इस बार हमारी ग्रोथ के डबल इंजन लगे। मैन्युफैक्चरिंग 9.2 फीसदी और सर्विस इंडस्ट्री 10 फीसदी बढ़ी। अब भारत की अर्थव्यवस्था डबल इंजन के विकास से आगे बढ़ रही है। कृषि क्षेत्र, जिसके बारे में तरह-तरह की बातें कही जाती थीं, उस क्षेत्र ने भी कमाल करके दिखाया, 3.6 फीसदी से कृषि क्षेत्र की जीडीपी ग्रोथ हुई। भारतीय अर्थव्यवस्था अब न केवल दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है, बल्कि यह दुनिया की मजबूत अर्थव्यवस्था बनकर बाहर निकली है।

गौरव वल्लभ ने आगे कहा कि इसको इस परिप्रेक्ष्य में भी देखना चाहिए कि दुनिया की एवरेज जीडीपी ग्रोथ 2.9 फीसदी है और भारत की पहली तिमाही की ग्रोथ 7.8 फीसदी है। दुनिया के देश अमेरिका 1.5 फीसदी से, चीन 4 फीसदी से आगे बढ़ रहा है, दुनिया के दूसरे जो देश हैं मलेशिया, इंडोनेशिया वो 5 से 5.5 फीसदी से आगे बढ़ रहे हैं। भारत दुनिया की अर्थव्यवस्था में एकमात्र चमकता सितारा है और ग्रोथ डबल इंजन की है। व्यापक रूप से सारे क्षेत्र एक साथ आगे बढ़ रहे हैं। यह भारत की अर्थव्यवस्था की ताकत ने करके दिखाया है।

भाजपा नेता ने कहा कि जुलाई 2026 में रिटेल महंगाई दर सीपीआई करीब 4.4 फीसदी रही। हाई ग्रोथ, लो इन्फ्लेशन और रोजगार सृजन के आंकड़ों को देखें तो वित्तीय वर्ष 2015 से 2024 के बीच देश में 17.2 करोड़ नई नौकरियों का सृजन हुआ है, यानी औसतन हर साल करीब 1 करोड़ 90 लाख नौकरियां बनीं।

राहुल गांधी के बयान पर उन्होंने कहा कि जिनके मन में भारत के लिए सम्मान का भाव नहीं है, जिनके मन में सिर्फ और सिर्फ नकारात्मकता है, जो सरकार का विरोध करते-करते देश का विरोध करने लगे हैं, जो संसद में खड़े होकर भारत के करदाताओं के पैसों पर सुरक्षा और सैलरी लेकर भारत की अर्थव्यवस्था को 'डेड इकोनॉमी' बोलते हैं, तो उनके लिए मेरे मन में सिर्फ एक ही भाव है कि उनको अपनी 'मेंटल डेडनेस' का इलाज कराना चाहिए।

एक अन्य सवाल के जवाब में गौरव वल्लभ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने व्यापक अपील की है। उन्होंने कहा कि देश में पर्यटन के इतने अच्छे स्थान हैं कि हम डेस्टिनेशन मैरिज के लिए विदेश जाते हैं, जबकि देश के टूरिज्म को ताकत दी जानी चाहिए। यूरोप के किसी भी शहर से ज्यादा सुंदर उदयपुर है, केरल के बीच और नॉर्थ-ईस्ट के पर्यटन स्थल हैं, मिडिल ईस्ट के देशों से ज्यादा सुंदर पर्यटन स्थल पश्चिमी राजस्थान में हैं। देश के अंदर इतनी विविधता और अच्छे पर्यटन स्थल हैं, उन्हें एक्सप्लोर करना चाहिए और हो सके तो विदेश में डेस्टिनेशन मैरिज के लिए नहीं जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने दूसरी अपील की है कि अगर हो सके तो सोने की खरीद को आगे टाल देना चाहिए। इसका कारण यह है कि सोने में लगाया गया पैसा तिजोरी में ब्लॉक हो जाता है, वही पैसा बैंक या म्यूचुअल फंड जैसे दूसरे इंस्ट्रूमेंट्स में लगेगा तो इकोनॉमी में रोटेट करेगा और ताकत देगा। किसी चीज पर बैन नहीं है, जरूरत है तो सोना खरीदें, लेकिन जरूरत नहीं है तो खरीद को रोका जा सकता है।

--आईएएनएस

केके/एबीएम