भारत-ब्रिटेन के बीच हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट देश के लिए बड़ी उपलब्धि : गजेंद्र सिंह शेखावत
जोधपुर, 5 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भारत-ब्रिटेन के बीच हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को देश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस समझौते से भारत के इंजीनियरिंग, हस्तशिल्प और चमड़ा उद्योग को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा।
गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, "इस एग्रीमेंट के तहत भारत से ब्रिटेन को भेजे जाने वाले 99 फीसदी सामान पर अब कोई आयात शुल्क नहीं लगेगा। यानी जीरो टैरिफ पर वहां सामान जाएगा।"
उन्होंने आंकड़ा देते हुए बताया, "इस समझौते के लागू होने के पहले ही दिन 140 मिलियन डॉलर के उत्पाद इसके प्रावधानों के तहत निर्यात किए गए। इससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि यह समझौता कितना अहम है।"
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस समझौते में मोबिलिटी एग्रीमेंट भी शामिल है। इसके तहत दोनों देशों के बीच काम और व्यापार के लिए लोगों का आना-जाना आसान होगा।
गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, "जब दो देशों के बीच मोबिलिटी का समझौता होता है तो वर्क वीजा बहुत आसानी से मिलने लगते हैं। मेरा मानना है कि तकनीक के क्षेत्र में भारत से यूके जाने वाले लोगों की संख्या में इजाफा होगा। भारत की प्रतिभा अब दुनिया के दूसरे देशों में जाकर देश के लिए और बेहतर काम कर सकेगी।"
वहीं दूसरी ओर राजस्थान में होने वाले पंचायती राज और शहरी निकाय चुनावों को लेकर गजेंद्र सिंह शेखावत ने भरोसा जताया कि भाजपा सभी जगह बड़ी जीत दर्ज करेगी।
उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य की हर विधानसभा में विकास की नई लहर शुरू हुई है। भाजपा संगठन पूरी एकजुटता के साथ काम कर रहा है और इन दोनों चुनावों को हम पूरी गंभीरता से ले रहे हैं।"
गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, "मुझे पूरा विश्वास है कि राजस्थान की जनता पंचायती राज और स्थानीय निकाय दोनों चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत देकर आशीर्वाद देगी।"
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम