भारत-बेनिन संबंधों को नई गति देने की प्रतिबद्धता, राष्ट्रीय दिवस समारोह में शामिल हुए एमईए के सुधाकर दलेला
नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिमी अफ्रीकी देश बेनिन के राष्ट्रीय दिवस समारोह में भारत के विदेश मंत्रालय सचिव (आर्थिक संबंध) सुधाकर दलेला ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने भारत और बेनिन के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने तथा आपसी हितों के विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता समारोह से जुड़ी तस्वीरों के साथ एक बयान जारी किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने कहा कि भारत और बेनिन के बीच मित्रतापूर्ण संबंध लगातार प्रगाढ़ हो रहे हैं और दोनों देश व्यापार, निवेश, क्षमता निर्माण, विकास साझेदारी तथा अन्य साझा हितों के क्षेत्रों में सहयोग को और विस्तारित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
भारत ने इस अवसर पर बेनिन की जनता और सरकार को राष्ट्रीय दिवस की शुभकामनाएं भी दीं तथा दोनों देशों के बीच साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की इच्छा व्यक्त की।
एमईए की आधिकारिक वेबसाइट पर साझा की गई जानकारी के अनुसार, भारत और बेनिन के संबंध लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और आपसी विश्वास के अहम मूल्यों पर आधारित हैं। आर्थिक साझेदारी की बात करें तो, भारत बेनिन के सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों में से एक है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 1.3 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक तक पहुंच चुका है।
भारत बेनिन को मुख्य रूप से चावल, फार्मास्युटिकल उत्पाद, मशीनरी, वाहन निर्यात करता है वहीं, बेनिन से काजू और कपास जैसे कृषि उत्पाद भारत को मुख्य रूप से निर्यात किए जाते हैं। वहीं ये छोटा सा देश संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के विस्तार में भारत की स्थायी सदस्यता का खुलकर समर्थन करता है।
बेनिन में नाइजीरिया स्थित भारतीय उच्चायोग के माध्यम से राजनायिक संबंध देखे जाते हैं, जबकि बेनिन दूतावास नई दिल्ली में स्थित है। एमईए के मुताबिक इस देश में लगभग 1,500 भारतीय नागरिक रहते हैं जो व्यापार, शिक्षा और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े हैं। कोटोनू में एक भारतीय सांस्कृतिक संघ और हिंदू मंदिर भी मौजूद है।
--आईएएनएस