भारत बनाम श्रीलंका: देवदत्त पडिक्कल ने जड़ा लगातार दूसरा शतक, नाम जुड़ी बड़ी उपलब्धि
कोलंबो, 23 अगस्त (आईएएनएस)। भारत और श्रीलंका के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच कोलंबो के सिंहली क्रिकेट क्लब स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारतीय बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बैटिंग करते हुए लगातार दूसरा टेस्ट लगाया।
पडिक्कल ने अपने टेस्ट का दूसरा शतक पूरा करने के लिए 168 गेंदें खेलीं। इससे पहले, गाले में खेले गए पहले टेस्ट में भी बाएं हाथ के बल्लेबाज ने शतकीय पारी खेली थी। उन्होंने 167 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी, जिसके दम पर भारतीय टीम श्रीलंका को 165 रनों से हराने में सफल रही थी। पडिक्कल ने 193 गेंदों का सामना करते हुए 117 रनों की बेहतरीन पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 12 चौके लगाए।
साल 2018-19 के बाद किसी भारतीय बल्लेबाज ने विदेशी धरती पर खेलते हुए लगातार दो टेस्ट मैचों में शतक लगाए हैं। पडिक्कल से यह पहले यह कारनामा चेतेश्वर पुजारा ने 2018-19 में खेली गई बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज के दौरान किया था। पुजारा ने मेलबर्न टेस्ट में 106 और सिडनी में 193 रनों की शानदार पारी खेली थी।
केएल राहुल के 18 रनों पर पवेलियन लौटने के बाद क्रीज पर उतरे देवदत्त पडिक्कल शुरुआत से ही बेहतरीन लय में दिखाई दिए। उन्होंने यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए पहले 29 रनों की साझेदारी निभाई। इसके बाद उन्होंने कप्तान शुभमन गिल संग मिलकर तीसरे विकेट के लिए 120 रनों की शतकीय साझेदारी की। गिल 50 रन बनाकर आउट हुए।
टॉस जीतने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और केएल राहुल सस्ते में पवेलियन लौटे। इसके बाद अच्छी लय में दिख रहे यशस्वी जायसवाल को असिथा फर्नांडो ने 45 रनों के स्कोर पर क्लीन बोल्ड किया। भारतीय टीम ने इस टेस्ट मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। कुलदीप यादव के इन्फेक्शन से ग्रस्त होने की वजह से उनके स्थान पर सारांश जैन इस मुकाबले में डेब्यू कर रहे हैं।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी