×

भारत बनाम इंग्लैंड: भारत को झटका, राणा और चक्रवर्ती इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर

 

ब्रिस्टल, 9 जुलाई (आईएएनएस)। इंग्लैंड के खिलाफ जारी टी20 सीरीज के निर्णायक मोड़ पर भारतीय टीम को बड़ा झटका है। सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर हर्षित राणा और रिस्ट-स्पिनर वरुण चक्रवर्ती हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने काउंटी ग्राउंड पर चौथे टी20 मैच में टॉस के ठीक बाद इसकी पुष्टि की। इस 'करो या मरो' वाले मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।

बीसीसीआई की तरफ से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया, "ट्रेंट ब्रिज में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती को हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उनकी जांच की है और उन्हें चौथे और पांचवें टी20 से बाहर कर दिया है।"

हर्षित राणा हाल ही में घुटने की चोट से उबरकर टीम में लौटे थे; सर्जरी की जरूरत के कारण वह टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का हिस्सा नहीं बन पाए थे। वहीं, चक्रवर्ती पैर की चोट के रिहैब के कारण आयरलैंड में टी20 सीरीज में नहीं खेल सके थे। इस बीच वह बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रहे थे।

इन दोनों खिलाड़ियों की गैर-मौजूदगी में, तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा और ऑफ-स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर को चौथे मैच की प्लेइंग इलेवन में जगह मिली है। चोट के कारण राणा के 14 जुलाई से शुरू होने वाली इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से भी बाहर रहने की आशंका है। उनके न होने से भारत की प्लेइंग इलेवन का संतुलन बिगड़ सकता है, क्योंकि हार्दिक पांड्या और नितीश कुमार रेड्डी भी क्रमशः पैर और क्वाड्रिसेप्स की चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं।

तेज गेंदबाज प्रिंस यादव, शुभमन गिल की कप्तानी वाली वनडे टीम में उनकी जगह लेने के दावेदार हो सकते हैं। बर्मिंघम के एजबेस्टन में 14 जुलाई को सीरीज के पहले मैच के बाद, भारत और इंग्लैंड कार्डिफ (16 जुलाई) और लॉर्ड्स (19 जुलाई) में शेष वनडे मैच खेलेंगे।

--आईएएनएस

आरएसजी