☰
×

भारत बनाम जिम्बाब्वे: नौ साल बाद दीप्ति शर्मा ने लगाया वनडे क्रिकेट में शतक, हरमनप्रीत संग मिलकर रचा इतिहास

 

वडोदरा, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे के बीच दूसरा वनडे मुकाबला बीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। दीप्ति शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 83 गेंदों में शतक लगाया। दीप्ति ने नौ साल बाद 50 ओवर के फॉर्मेट में अपने एकदिवसीय करियर का दूसरा शतक लगाया है।

दीप्ति ने 86 गेंदों का सामना करते हुए 15 चौकों की मदद से 106 रनों की नाबाद पारी खेली। इससे पहले, दीप्ति ने वनडे क्रिकेट में अपना पहला और आखिरी शतक साल 2017 में आयरलैंड के खिलाफ लगाया था।

दीप्ति भारत की ओर से नंबर छह या उससे निचले क्रम पर खेलते हुए वनडे क्रिकेट में शतक लगाने वाली पहली बल्लेबाज भी बन गई हैं। इस पोजीशन पर खेलते हुए सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड अब तक ऋचा घोष के नाम था, जिन्होंने पिछले साल 94 रन बनाए थे।

दीप्ति बेहतरीन लय में नजर आईं और उन्होंने हरमनप्रीत कौर के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 153 रनों की लाजवाब साझेदारी निभाई। यह भारत की ओर से वनडे में पांचवें या उससे निचले क्रम की बल्लेबाजों द्वारा की गई सबसे बड़ी साझेदारी है। दीप्ति-हरमनप्रीत ने स्नेह राणा और पूजा वस्त्राकर के रिकॉर्ड को ध्वस्त किया, जिन्होंने 2022 में 122 रनों की साझेदारी निभाई थी।

दीप्ति ने भारत की तरफ से वनडे क्रिकेट में गेंदों के लिहाज से पांचवां सबसे तेज शतक लगाया। भारत के लिए इस फॉर्मेट में सबसे तेज सेंचुरी लगाने का रिकॉर्ड स्मृति मंधाना के नाम है, जिन्होंने 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिर्फ 50 गेंदों में शतक लगाया था। दीप्ति के साथ-साथ हरमनप्रीत कौर भी कमाल की लय में नजर आईं।

उन्होंने 15 महीने बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक लगाया। हरमनप्रीत ने 121 गेंदों का सामना करते हुए 126 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 15 चौके लगाए। दीप्ति और हरमनप्रीत की शतकीय पारी की बदौलत भारतीय टीम 50 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 328 रन लगाने में सफल रही।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम