×

भाजपा ने नहीं लॉन्च किया 'झूठ की गूंज', यह युवाओं की स्वतंत्र पहल : प्रवीण खंडेलवाल

 

नई दिल्ली, 28 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने 'झूठ की गूंज' वेबसाइट को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर सफाई दी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि इस वेबसाइट को भारतीय जनता पार्टी ने लॉन्च नहीं किया है।

प्रवीण खंडेलवाल ने आईएएनएस से कहा, "'झूठ की गूंज' को भाजपा ने लॉन्च नहीं किया। इसे इंटरनेट पर काम करने वाले लोगों ने 'झूठ की गूंज' नाम से स्वतंत्र रूप से शुरू किया है और वह धीरे-धीरे जिस प्रकार से राहुल गांधी की झूठ की परतों को उघाड़ रहे हैं, वह निश्चित रूप से देश के सामने आएगा और आ रहा है। कुछ लोग इसको भाजपा का बताकर लोगों को भ्रमित करने की चेष्टा कर रहे हैं लेकिन ऐसा कुछ नहीं है।"

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ही सबसे पहले भारत के युवाओं की ताकत को पहचाना और बार-बार उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत युवाओं का देश है। पूरे विश्व के अंदर युवाओं की क्षमता को, उनकी कार्यशैली को प्रधानमंत्री ने बहुत नजदीक से देखा है और यही कारण है कि आज बड़ी संख्या में स्टार्टअप को सरकार मदद दे रही है। स्टार्टअप से शुरू होकर यूनिकॉर्न बन गए हैं तो यह हमारे युवाओं की ताकत ही है। युवाओं की अपेक्षाओं, आकांक्षाओं और आशाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार और हमारी पार्टी पूरी तरीके से उससे जुड़ने के लिए प्रतिबद्ध है और यह हमारी प्राथमिकता भी है।

महाराष्ट्र सरकार द्वारा ऑटो-रिक्शा और टैक्सी ड्राइवरों को मराठी सीखने के लिए एक साल का समय दिए जाने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, "मैं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के फैसले का स्वागत करता हूं क्योंकि कुछ भी नया सीखने में समय लगता है और इसके लिए पर्याप्त समय देना जरूरी है, जो देवेंद्र फडणवीस ने किया है। महाराष्ट्र सरकार के इस फैसले से सभी ऑटो ड्राइवर खुश होंगे क्योंकि उनकी मांगों को माना गया है।"

प्रधानमंत्री मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच एससीओ समिट के दौरान होने वाली द्विपक्षीय बैठक को लेकर उन्होंने कहा कि यह बैठक भारत-रूस संबंधों को और मजबूत करेगी। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जो बातचीत राष्ट्रपति पुतिन से प्रस्तावित है, मुझे लगता है कि उससे भारत और रूस के बीच जो सौहार्द है, वह और मजबूत होगा। हमारे व्यापारिक रिश्ते और अधिक मजबूत होंगे, क्योंकि भारत और रूस स्वाभाविक रूप से एक लंबे समय से एक दूसरे के पारस्परिक मित्र हैं।"

नेपाल में आई बाढ़ की त्रासदी पर दुख जताते हुए भाजपा सांसद ने कहा, "बहुत ही दुखद है। जिस प्रकार की अचानक यह घटना नेपाल में हुई उसमें जो भी लोग हताहत हुए हैं, मैं उन सबके परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और हमारी सरकार ने तुरंत नेपाल के साथ संबंध स्थापित किया। स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री से बातचीत करके भारत के पूरे सहयोग का आश्वासन दिया और भारत जैसा हर बार करता है, इस बार भी नेपाल को बहुत बड़ी सामग्री भेजी है और एक हेल्पलाइन भी स्थापित की है। जिनके परिजन वहां पर हैं, उनके बारे में कोई भी सूचना देने के लिए सरकार पूरी तरह सतर्क है। मुझे पूरी उम्मीद है कि बहुत जल्द नेपाल का यह संकट दूर होगा और जो विभिन्न देशों के लोग वहां पर फंसे हैं, वह वहां से सुरक्षित निकल पाएंगे।"

इस दौरान उन्होंने देशवासियों रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि यह त्योहार देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देता है। उन्होंने कहा, "स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन का त्योहार पूरे देश में बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। रक्षाबंधन हमारी संस्कृति, हमारी सभ्यता की एक बड़ी विरासत है और भाई-बहन के बीच स्नेह का यह धागा बहुत मजबूत है।"

उन्होंने बताया, "रक्षाबंधन के इस त्योहार पर देश का आर्थिक पक्ष भी बहुत मजबूत हुआ है। एक मोटे अनुमान के अनुसार लगभग 50,000 करोड़ रुपए का व्यापार पूरे देश में हुआ और लगभग 5000 करोड़ रुपए का अतिरिक्त व्यापार उपहार, मिठाई, गिफ्ट, एफएमसीजी आइटम्स, वस्त्र आदि से हुआ तो लगभग 30 हजार करोड़ रुपए का व्यापार केवल मात्र रक्षाबंधन के पर्व पर हुआ और यही हमारी सनातन अर्थव्यवस्था का मजबूत अंग है जो हमारी राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करता है।"

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम