×

भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- कांग्रेस शासित राज्यों में पेट्रोल अधिक महंगा

 

नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में सोमवार को एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पेट्रोल में 2.61 रुपये और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। भारतीय जनता पार्टी ने बढ़े हुए दामों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा ने दावा किया है कि कांग्रेस शासित राज्यों में भाजपा शासित राज्यों से महंगा पेट्रोल-डीजल है।

भाजपा ने दावा किया है कि भारत के हर राज्य में एक समान केंद्रीय उत्पाद शुल्क है। इसके बावजूद भाजपा शासित दिल्ली में 102 और गुजरात में 101 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल है। वहीं, कांग्रेस शासित तेलंगाना में 118, कर्नाटक में 110 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले एलडीएफ शासित केरल में 114 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल है। भाजपा का कहना है कि जो पार्टी केंद्र सरकार को ईंधन की कीमतों पर उपदेश देती है, वही अपने ही लोगों पर प्रति लीटर 16 रुपये अधिक कर लगाती है। राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस पाखंडी है।

वहीं, कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने पर केंद्र सरकार को घेरा है। कांग्रेस ने 'एक्स' पर लिखा, 'महंगाई मैन' पीएम मोदी ने पेट्रोल-डीजल 11 दिन में 8 रुपए महंगा कर दिया। आज फिर पेट्रोल पर 2.87 रुपए और डीजल पर 2.80 रुपए बढ़ा दिए गए हैं। 15 मई को पेट्रोल 3.29 रुपए व डीजल 3.11 रुपए, 19 मई को पेट्रोल 96 पैसे व डीजल 94 पैसे, 23 मई को पेट्रोल 94 पैसे व डीजल 95 पैसे और 25 मई को पेट्रोल में 2.87 रुपए व डीजल में 2.80 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। इस तरह अब तक पेट्रोल 8.06 और डीजल 7.80 रुपए महंगा हुआ है। अपने पूंजीपति दोस्तों को मालामाल करने के लिए पीएम मोदी जनता की जेब काटने में लगे हैं। लोग महंगाई में पिस रहे हैं, परेशान हैं लेकिन 'महंगाई मैन' की वसूली थमने का नाम नहीं ले रही है।"

गौरतलब है कि 10 दिनों में चौथी बार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कीमतों में बढ़ोतरी से पहले दिल्ली में पेट्रोल 99.51 रुपए प्रति लीटर और डीजल 92.49 रुपए प्रति लीटर बिक रहा था लेकिन अब राजधानी में पेट्रोल 102.12 रुपए प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है।

इससे पहले 23 मई को कीमतों में बढ़ोतरी करते हुए सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल की कीमतें 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमतें 91 पैसे प्रति लीटर बढ़ाई थीं। वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में हो रही बढ़ोतरी के बीच पिछले 10 दिन में ईंधन की दरों में यह चौथी बढ़ोतरी है। 15 मई को ही सरकारी तेल कंपनियों ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण बढ़ी हुई कीमतों का बोझ धीरे-धीरे ग्राहकों पर डालना शुरू किया था।

--आईएएनएस

ओपी/पीएम