☰
×

भाई दूज पर नमो भारत ट्रेन के 32 अतिरिक्त फेरे, 10 मिनट से कम के अंतराल पर मिलेगी सेवा

 

गाजियाबाद, 9 नवंबर (आईएएनएस)। भाई दूज के त्योहार पर यात्रियों को जाम से राहत दिलाने और उनकी यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने विशेष इंतजाम किए हैं। दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर 11 नवंबर को ट्रेन के 32 अतिरिक्त फेरे संचालित किए जाएंगे।

त्योहार के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। अतिरिक्त ट्रिप्स के संचालन से यात्रियों को 10 मिनट से भी कम के अंतराल पर नमो भारत ट्रेन उपलब्ध होगी। इससे स्टेशनों पर यात्रियों का प्रतीक्षा समय कम होगा और उन्हें आरामदायक सफर का विकल्प मिलेगा।

एनसीआरटीसी के मुताबिक, भाई दूज के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग अपने भाई-बहनों और परिजनों से मिलने के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाते हैं। इस दिन भाई अपनी बहनों के घर पहुंचकर उनसे तिलक करवाते हैं। इसके अलावा परिवार के अन्य सदस्य भी त्योहार मनाने के लिए यात्रा करते हैं। ऐसे में सार्वजनिक परिवहन पर यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए नमो भारत की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने का फैसला किया गया है।

इस बार भाई दूज बुधवार को पड़ रहा है। ऐसे में त्योहार मनाने के लिए निकलने वाले लोगों के साथ नौकरीपेशा और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों की भी बड़ी संख्या सड़कों पर रहेगी। त्योहारों के दौरान दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर अक्सर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है और लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है। इस समस्या से बचने के लिए नमो भारत एक तेज, आरामदायक और सुविधाजनक परिवहन विकल्प उपलब्ध करा रही है।

अतिरिक्त फेरों से यात्रियों को ट्रेन में सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी और उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में आसानी होगी। दिल्ली-एनसीआर में दीपावली से पहले ही वायु प्रदूषण का स्तर बेहद गंभीर स्थिति में पहुंच गया था।

त्योहार के बाद भी प्रदूषण की स्थिति और चिंताजनक बनी हुई है। ऐसे में निजी वाहनों के इस्तेमाल को कम करने और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की जरूरत लगातार महसूस की जा रही है। इसी दिशा में एनसीआरटीसी पहले से ही दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर 20 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स संचालित कर रहा है। अब भाई दूज के दिन यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए इनकी संख्या बढ़ाकर 32 कर दी गई है।

एनसीआरटीसी का मानना है कि ट्रेन की फ्रीक्वेंसी बढ़ने से अधिक लोग निजी कार और अन्य वाहनों के बजाय नमो भारत से यात्रा करने के लिए प्रोत्साहित होंगे। इससे एक ओर सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के प्रयासों को भी मजबूती मिल सकती है।

एनसीआरटीसी की यह पहल त्योहार के दौरान यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन को अधिक प्रभावी और टिकाऊ विकल्प के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अतिरिक्त ट्रिप्स से भाई दूज पर परिवारों से मिलने जाने वाले लोगों और दैनिक यात्रियों दोनों को राहत मिलने की उम्मीद है।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएसएच