भगवंत मान सरकार चुनावी माहौल में प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग कर रही : रवनीत सिंह बिट्टू
नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब की भगवंत मान सरकार पर चुनावी माहौल में प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग कर स्थानीय चुनाव जीतने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वह धूरी नहीं जाना चाहते थे, क्योंकि वहां चुनाव आचार संहिता लागू थी और उन्हें इसका पूरा ज्ञान था। उन्होंने दावा किया कि धूरी, जो मुख्यमंत्री भगवंत मान का गढ़ माना जाता है, अब कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है। भगवंत मान के पूर्व ओएसडी ओंकार सिंह वहां भारतीय जनता पार्टी के लिए जमीनी स्तर पर मजबूती से काम कर रहे हैं, जिससे आम आदमी पार्टी में घबराहट का माहौल है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इसी घबराहट के कारण उनके समर्थकों को परेशान किया गया। बिट्टू ने कहा कि वह सुबह दिल्ली से निकले थे और रास्ते में लगातार पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर यह पूछते रहे कि जिन लोगों को उठाया गया है, उन्हें कहां रखा गया है। उन्होंने बताया कि संबंधित परिवार काफी परेशान थे और वह केवल उनसे मिलने की अनुमति मांग रहे थे। पहले उन्हें बताया गया कि लोगों को धूरी से संगरूर ले जाया गया है, लेकिन जब वह संगरूर पहुंचे तो उन्हें जानकारी मिली कि उन्हें दूसरी पुलिस चौकी में भेज दिया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस लगातार स्थान बदलती रही। हालांकि बाद में एसएसपी ने उन्हें आश्वासन दिया कि स्थानीय वोटरों को संबंधित लोगों से मिलने दिया जाएगा।
रवनीत सिंह बिट्टू ने चुनाव आयोग का बचाव करते हुए कहा कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है और वह किसी एक दल के लिए काम नहीं करता। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष मीडिया के माध्यम से भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन पंजाब की जनता अब इन बातों को समझ चुकी है।
उन्होंने अवैध रूप से विदेशों में रह रहे लोगों और भारत में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यदि कनाडा और अमेरिका भारत के लोगों को वापस भेज सकते हैं, तो भारत को भी अवैध रूप से रह रहे लोगों को बाहर भेजने का अधिकार है।
आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए बिट्टू ने कहा कि पार्टी के नेता बड़े-बड़े दावे करते हैं और दूसरों पर टिप्पणी करते हैं, लेकिन उन्हें पहले अपने राजनीतिक इतिहास को भी देखना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने कभी किसी पर व्यक्तिगत हमला नहीं किया, क्योंकि कई नेताओं के परिवारों से उनके पुराने संबंध रहे हैं।
एसआईआर पर बोलते हुए बिट्टू ने कहा कि पंजाब में इससे बहुत कम वोट प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि जो लोग विदेश में हैं, वे अपने वीजा और यात्रा दस्तावेज दिखाकर अपनी पहचान और पात्रता साबित कर सकते हैं। उनके अनुसार, वोटर सूची से नाम हटाने को लेकर अनावश्यक भ्रम फैलाया जा रहा है।
--आईएएनएस
एसएके/एबीएम