सीएम भगवंत मान ने हर वर्ग को दिया धोखा, बिजली और पानी के लिए तरस रहे लोग: बिक्रम सिंह मजीठिया
चंडीगढ़, 28 जून (आईएएनएस)। शिरोमणि अकाली दल के महासचिव बिक्रम सिंह मजीठिया ने बिजली संकट और किसानों तथा धान की खेती पर इसके असर को लेकर पंजाब सरकार की आलोचना की। उन्होंने मुख्यमंत्री के वीडियो विवाद पर भी टिप्पणी की।
बिक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बारे में आईएएनएस से बातचीत में कहा, "आम आदमी पार्टी की सरकार हर मोर्चे पर नाकाम रही है, और भगवंत मान ने हर वर्ग को धोखा दिया है – किसान, युवा, कर्मचारी और उद्योग जगत को धोखा दिया है। आज पंजाब कर्ज में डूबा है और आर्थिक संकट से जूझ रहा है। यहां एक नया संकट पैदा हो रहा है, क्योंकि पंजाब एक कृषि प्रधान राज्य है। यहां सब कुछ खेती पर निर्भर है। यह एक कृषि-आधारित अर्थव्यवस्था है। अगर खेती बचेगी, तभी हमारे राज्य की अर्थव्यवस्था बचेगी, लेकिन अफसोस की बात है कि मुख्यमंत्री हर मामले में झूठ बोल रहे हैं।
मजीठिया ने कहा कि सीएम मान ने कहा था कि वे 24 घंटे बिजली देंगे। अब हालात ऐसे हैं कि बिजली नहीं मिल रही है। लोग बिजली के लिए विरोध-प्रदर्शन करने लगे हैं। इससे खेती के लिए संकट पैदा हो सकता है। किसानों ने जो फसल लगाई है, वह खराब हो रही है। यूरिया किसानों को मिल नहीं रहा है। मुख्यमंत्री सो रहे हैं। उनको जनता की परेशानियों से कोई लेना-देना नहीं है। आम आदमी पार्टी के नेता नुक्कड़ नाटक कर रहे हैं, जबकि जनता परेशान है।"
बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा, "हमारी सरकार में 24 घंटे बिजली मिलती थी और लोग जनरेटर भूल गए थे। वहीं, मान की सरकार में बिजली न मिलने के कारण लोग जनरेटर से फसलों की सिंचाई करने पर मजबूर हो रहे हैं। किसानों के लिए सबसे जरूरी बिजली और पानी में भी भगवंत मान की सरकार फेल हो गई है।"
शिरोमणि अकाली दल के नेता ने कहा, "लोग वीडियो अपलोड कर रहे हैं, मुख्यमंत्री बहुत सी बातें कह रहे हैं। मान अभी भी कह रहे हैं कि 24 घंटे पानी मिल रहा है, लेकिन लोग फिर भी विरोध कर रहे हैं। मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि हमने पानी बांटा है, लेकिन लोगों को पानी नहीं मिल रहा। मुख्यमंत्री पिछले साढ़े चार साल से कह रहे हैं कि हम मेडिकल कॉलेज बनाएंगे, लेकिन उन्होंने मेडिकल कॉलेज के लिए एक कमरा तक नहीं बनाया है।"
--आईएएनएस
ओपी/डीकेपी