×

'भगवान विश्वकर्मा ज्ञान, निर्माण-कला और तकनीकी कौशल की परंपरा के प्रतीक', ओम बिरला समेत कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं

 

नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। भगवान विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। ओम बिरला ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा भारतीय ज्ञान, निर्माण-कला और तकनीकी कौशल की समृद्ध परंपरा के प्रतीक हैं।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "सृजन, शिल्प, कारीगरी और कौशल के देव भगवान विश्वकर्मा की आराधना के पावन पर्व विश्वकर्मा पूजा की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान विश्वकर्मा जी भारतीय ज्ञान, निर्माण-कला और तकनीकी कौशल की समृद्ध परंपरा के प्रतीक हैं। यह अवसर हमारे कारीगरों, शिल्पकारों, श्रमिकों, इंजीनियरों और उन सभी कर्मयोगियों के सम्मान का भी पर्व है, जो अपने हुनर और मेहनत से देश के विकास को नई गति प्रदान करते हैं।"

उन्होंने आह्नान करते हुए कहा कि आइए, भगवान विश्वकर्मा जी के आशीष से हम कौशल, नवाचार और कर्मठता को अपनी शक्ति बनाएं तथा एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लें।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, "आप सभी को भगवान विश्वकर्मा जयंती के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। आज मैं देश के सभी शिल्पकारों, श्रमिकों और कारीगरों को नमन करता हूं, जिनका कौशल, परिश्रम और सृजनशीलता आत्मनिर्भर व विकसित भारत के निर्माण को निरंतर गति प्रदान कर रही है। भगवान विश्वकर्मा से प्रार्थना है कि सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सफलता का संचार हो।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने निर्माण व सृजन के देव भगवान विश्वकर्मा की जयंती की देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए लिखा, "इस पावन अवसर पर अपने कौशल और परिश्रम से विकसित भारत की नींव रख रहे देश के सभी शिल्पकारों, कारीगरों और श्रमिकों को नमन करता हूं।"

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, "विश्वकर्मा जयंती की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। निर्माण व सृजन के प्रतीक देव शिल्पि भगवान विश्वकर्मा जी को कोटि-कोटि नमन। देश के इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास को नई गति देने के लिए भगवान विश्वकर्मा हमें शक्ति दे।"

केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने पोस्ट किया, "सृष्टि के सृजनकर्ता और प्रथम शिल्पकार, भगवान विश्वकर्मा जी की जयंती के पावन अवसर पर देश के नवनिर्माण और प्रगति में अपना अमूल्य योगदान देने वाले सभी कामगार, इंजीनियर और शिल्पकार बंधुओं को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं।"

केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि निर्माण व सृजन के अधिष्ठाता, देव शिल्पी भगवान श्री विश्वकर्मा जी की पावन जयंती की आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। भगवान श्री विश्वकर्मा जी हमें सृजनशीलता, उत्कृष्टता और परिश्रम की प्रेरणा देते हैं। उनकी कृपा और आशीर्वाद से हर हाथ को नई ऊर्जा मिले, हमारे देश का विकास सृजनशीलता के नए आयाम छुए, यही प्रार्थना है।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन भी भगवान विश्वकर्मा की जयंती के पावन अवसर पर समस्त देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में कहा कि भारतीय परंपरा में भगवान विश्वकर्मा जी को रचनात्मकता और निर्माण की दिव्य शक्ति का प्रतीक माना गया है। यह अवसर हमारे शिल्पकारों, कारीगरों, अभियंताओं एवं श्रमिकों के परिश्रम और योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने का भी है। भगवान विश्वकर्मा जी से प्रार्थना है कि सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सफलता का संचार हो तथा उनके आशीर्वाद से हमारा राष्ट्र नवाचार और विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।

--आईएएनएस

डीसीएच/