भदोही में गरजे एके शर्मा: महिला अधिकारों पर राजनीति बर्दाश्त नहीं, नारी शक्ति वंदन पर विपक्ष को घेरा
भदोही, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने भदोही प्रवास के दौरान नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने साफ कहा कि महिलाओं के अधिकारों जैसे संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति करना अस्वीकार्य है और सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
औराई ब्लॉक सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री शर्मा ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' जैसे अभियानों ने समाज में व्यापक सकारात्मक बदलाव लाया है और महिलाओं की स्थिति मजबूत हुई है।
उन्होंने महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष के रुख की आलोचना करते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण विधेयक को पारित कराने के लिए गंभीर प्रयास किए गए, लेकिन विपक्ष के असहयोगात्मक रवैये के चलते इसे आगे नहीं बढ़ाया जा सका।
मंत्री ने विश्वास जताया कि भविष्य में यह बिल अवश्य पारित होगा, जिससे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और सशक्त होगी। इस दौरान मंत्री शर्मा महिला अधिकारों के समर्थन में निकाले गए जनआक्रोश मार्च में भी शामिल हुए और महिलाओं के साथ एकजुटता प्रदर्शित की।
उन्होंने कहा कि महिला अधिकारों पर किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और सरकार इस दिशा में लगातार ठोस कदम उठा रही है। कार्यक्रम में विनोद बिंद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और महिला नेताओं ने भी विपक्ष की आलोचना करते हुए महिला आरक्षण के समर्थन में आवाज बुलंद की।
बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने जागरूकता का संदेश देते हुए अपने अधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता जताई और विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी की।
--आईएएनएस
विकेटी/एएमटी