iphone प्रेम की हद पार! पत्नी को नया iPhone 18 Pro Max दिलाने दिल्ली के शख्स ने कुर्बान किया खानदानी सोना
iPhone 18 Pro Max की लॉन्चिंग के साथ ही इसे खरीदने की दीवानगी के कई किस्से सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला दिल्ली से सामने आया है, जहां एक शख्स ने अपनी पत्नी की पसंद का iPhone खरीदने के लिए कथित तौर पर खानदानी सोना बेच दिया।वायरल वीडियो में शख्स बताता है कि उसकी पत्नी को Burgundy कलर का iPhone 18 Pro Max चाहिए था। पत्नी की इच्छा पूरी करने के लिए वह शुक्रवार को स्टोर के बाहर लाइन में लगा और फोन खरीदकर घर ले गया।
जब वहां मौजूद एक महिला ने उससे पूछा कि वह अपने लिए कुछ नहीं खरीदेंगे? इस पर शख्स ने बताया कि वह iPhone Duo का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना था कि जैसे ही यह फोन भारत में बिक्री के लिए उपलब्ध होगा, वह इसे पहले ही दिन खरीदना चाहेंगे।
हर्ष गोयनका ने शेयर किया वीडियो
इस वीडियो को बिजनेसमैन हर्ष गोयनका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया। उन्होंने पोस्ट में दावा किया कि इस शख्स ने अपनी पत्नी के लिए iPhone 18 Pro Max खरीदने के लिए दादी और परदादी से मिला खानदानी सोना बेच दिया।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों के बीच इसको लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
कुछ यूजर्स ने इस फैसले को लेकर मजाकिया अंदाज में कमेंट किए, तो कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि महंगे स्मार्टफोन के लिए पारिवारिक सोना बेचना कितना उचित है।
एक यूजर ने मजाक करते हुए लिखा कि अगर फोन की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है, तो संभव है कि कुछ ग्राम सोना ही बेचा गया हो। वहीं दूसरे यूजर ने सोने की वैल्यू और उसके लंबे समय तक काम आने की बात कही।
कुछ लोगों ने पति के इस फैसले को पत्नी को खुश करने की कोशिश के तौर पर भी देखा। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर पत्नी खुश है तो पति भी खुश रहेगा।
iPhone 18 की बिक्री को लेकर भी जबरदस्त क्रेज
Apple ने 9 सितंबर को iPhone 18 सीरीज पेश की थी। इसके बाद 12 सितंबर से भारत समेत 65 देशों में प्री-बुकिंग शुरू हुई और 19 सितंबर से भारत में इसकी बिक्री शुरू हुई।
फोन खरीदने के लिए कई जगहों पर लोग Apple स्टोर्स के बाहर लंबी कतारों में नजर आए। रिपोर्टों के मुताबिक, शुरुआती बिक्री में iPhone 18 Pro और Pro Max को लेकर ग्राहकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
PTI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पहले दिन iPhone 18 Pro और Pro Max की बिक्री पिछले साल के iPhone 17 Pro और Pro Max की तुलना में करीब 20 से 30 प्रतिशत ज्यादा रही।
फिलहाल दिल्ली के इस शख्स का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है और iPhone के लिए खानदानी सोना बेचने की बात लोगों का ध्यान खींच रही है।