बेटे को गले लगाकर मुस्कुराते नजर आए अल्लू अर्जुन, इंस्टाग्राम पर शेयर की क्यूट तस्वीर
नई दिल्ली, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण भारत के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन ने अपने बेटे अयान के जन्मदिन पर एक बेहद प्यारा पोस्ट शेयर की, जिसने फैंस का दिल जीत लिया।
अल्लू अर्जुन ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह मारून कलर का पारंपरिक कुर्ता पहने हुए नजर आ रहे है। वह अपने बेटे को गले लगाकर मुस्कुरा रहे हैं, और उनके चेहरे पर पिता का गर्व साफ झलक रहा है। वहीं अयान भी पारंपरिक आउटफिट में नजर आ रहे है और क्यूट पोज दे रहे है।
पोस्ट के कैप्शन में अल्लू अर्जुन ने लिखा, 'मेरी जिंदगी के प्यार को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई। हैप्पी बर्थडे... मेरे चिन्नी बाबू।'
फैंस ने अल्लू अर्जुन के इस पोस्ट पर जमकर प्यार बरसाया और कमेंट्स में बेटे और पिता की जोड़ी की खूब तारीफ की।
अल्लू अयान, अल्लू अर्जुन और उनकी पत्नी स्नेहा रेड्डी के बड़े बेटे हैं। उनका जन्म 3 अप्रैल 2014 को हुआ था और इस साल वह 12वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं। अयान अक्सर अपने पिता के सोशल मीडिया पोस्ट में नजर आते रहते हैं । उनकी मासूमियत और प्यारे अंदाज ने सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता को बढ़ा दिया है।
अल्लू अर्जुन और स्नेहा रेड्डी की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दोनों की पहली मुलाकात एक दोस्त की शादी में हुई थी, जहां पहली ही नजर में अल्लू अर्जुन स्नेहा को दिल दे बैठे थे। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे से बातचीत शुरू की और नंबर एक्सचेंज किए, जिसके बाद उनका रिश्ता धीरे-धीरे दोस्ती से आगे बढ़कर प्यार में बदल गया। उस समय स्नेहा अपनी पढ़ाई पूरी करके अमेरिका से लौटी थीं, जबकि अल्लू अर्जुन तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना चुके थे।
हालांकि, उनकी प्रेम कहानी में मुश्किलें भी कम नहीं थीं। जब शादी की बात आई, तो स्नेहा के पिता ने इस रिश्ते को मंजूरी देने से इनकार कर दिया, क्योंकि वह नहीं चाहते थे कि उनकी बेटी किसी अभिनेता से शादी करे। इसके बावजूद, अल्लू अर्जुन ने हार नहीं मानी और अपने रिश्ते के लिए डटे रहे। उनके परिवार और दिग्गज अभिनेता चिरंजीवी ने भी स्नेहा के परिवार को मनाने में अहम भूमिका निभाई। काफी प्रयास के बाद आखिरकार दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए राजी हो गए।
इसके बाद 6 मार्च 2011 को अल्लू अर्जुन और स्नेहा रेड्डी ने शादी कर ली। आज यह जोड़ी दो बच्चों बेटा अल्लू अयान और बेटी अल्लू अरहा के माता-पिता है।
--आईएएनएस
पीके/एएस