बेंगलुरु में नीट यूजी री-एग्जाम को लेकर सख्ती, परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू
बेंगलुरु, 19 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी) 2026 की री-एग्जाम को लेकर देशभर में तैयारियां चल रही हैं। इसी कड़ी में बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर ने नीट यूजी 2026 की पुनः परीक्षा के लिए निषेधाज्ञा जारी किया है। उन्होंने बेंगलुरु में परीक्षा के दिन साइबर और जेरॉक्स सेंटरों पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
पुलिस कमिश्नर ने 21 जून को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा देश भर में आयोजित की जाने वाली नीट (यूजी) 2026 के री-टेस्ट के लिए बेंगलुरु स्थित सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में आने वाले इलाके को परीक्षा के दौरान और उसके बाद निषेधित क्षेत्र घोषित कर दिया है। इस दौरान 21 जून को परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में आने वाले सभी जेरॉक्स, साइबर और कंप्यूटर सेंटर बंद रहेंगे।
पुलिस कमिश्नर ने यह फैसला नीट-यूजी परीक्षा के दौरान गड़बड़ियों को रोकने और इसे सुचारू एवं शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित करने के मकसद से लिया है।
बता दें कि बेंगलुरु के अलावा अन्य राज्यों में भी नीट-यूजी के री-एग्जाम को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए तैयारियों के साथ प्रशासनिक व्यवस्था सख्त है। इसी को लेकर जम्मू-कश्मीर सरकार ने शनिवार को घाटी के 60 स्कूलों में क्लास सस्पेंड करने का आदेश दिया है।
इन स्कूलों को नीट-यूजी 2026 के री-एग्जाम के लिए परीक्षा केंद्र बनाया गया है और अधिकारियों को इसकी जरूरी तैयारी करने देने के लिए शनिवार को यहां पढ़ाई-लिखाई जैसी शैक्षणिक गतिविधियों को रोक दिया गया है। प्रभावित स्कूलें अनंतनाग, बारामूला, बडगाम, कुपवाड़ा, पुलवामा और श्रीनगर जिलों में हैं।
अधिकारियों ने सभी संबंधित संस्थानों को आदेश का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। इसी के साथ चेतावनी दी है कि नियमों के किसी भी तरह के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश सक्षम अधिकारी की मंजूरी से जारी किया गया था।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी