×

बंगाल में टीएमसी की नहीं अपराधियों की सरकार: गिरिराज सिंह

 

नई दिल्ली, 31 दिसंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को निशाने पर लेते हुए कहा कि बंगाल में टीएमसी की सरकार नहीं बल्कि अपराधियों की सरकार है।

आईएएनएस से बातचीत में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि ममता बनर्जी एक महिला हैं, फिर भी वहां अपराधियों की सरकार बनी है। यह टीएमसी की सरकार नहीं है, यह अपराधियों की सरकार है। भारत की संस्कृति में प्रधानमंत्री या गृह मंत्री का अपमान करना गलत है, लेकिन अब ममता बनर्जी गाली-गलौज करते हुए उन्होंने एक महिला पर शारीरिक हमला भी शुरू कर दिया है। एक महिला पर इस हमले के गंभीर नतीजे होंगे और आने वाले दिनों में उन्हें इसका एहसास होगा।

जी राम जी कानून को लेकर विपक्ष के हंगामे और 5 जनवरी 2026 से विरोध प्रदर्शन के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने सुधारों पर पूरी तरह से काम किया है, खासकर मजदूरों के लिए, चार लेबर कोड में सुधार किए हैं, और यह 'जी राम जी' का ऐसा सुधार लागू किया है जिससे कांग्रेस को परेशानी होने लगी है क्योंकि कांग्रेस और विपक्ष को 'राम' नाम भी पसंद नहीं है। यह सुधार यह सुनिश्चित करता है कि मजदूरों को 125 दिन काम मिलेगा। विपक्ष इसीलिए शोर मचा रहा है क्योंकि उसे राम नाम से ही नफरत है।

गिरिराज सिंह ने कहा कि मैं विपक्ष से पूछ रहा हूं कि राम के नाम से नफरत है या फिर जी राम जी कानून के तहत मजदूरों को जो 125 दिनों का रोजगार मिलेगा, उससे नफरत है या फिर लेबर कोड में सुधार किया गया, इससे नफरत है।

राम मंदिर से विपक्ष के नेताओं की दूरी पर गिरिराज सिंह ने कहा कि विपक्ष को 'राम' नाम से नफरत है। इसीलिए न तो कांग्रेस और न ही विपक्ष दर्शन के लिए गया। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। राम नाम से नफरत के कारण उन्हें 'जी राम जी' से भी नफरत हो गई है।

एक्ट्रेस नुसरत भरूचा के महाकाल मंदिर जाने और मौलवियों द्वारा जारी फतवे पर गिरिराज सिंह ने कहा कि ये मौलवी नफरत फैलाते हैं। अभिनेत्री दर्शन करने गई थीं। उन्होंने क्या गलत किया? उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया, बस दर्शन करने गईं और आशीर्वाद लिया। हम सभी भारत के सपूत हैं। पंत बदलने से पूर्वज नहीं बदलते है, मौलवी सिर्फ नफरत फैलाते हैं।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीएससी