बंगाल में नौकरशाही, पुलिस और सत्तारूढ़ दल टीएमसी का कैडर अराजकता की ओर बढ़ गया है : टीआर श्रीनिवास
हैदराबाद, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता टीआर श्रीनिवास ने पश्चिम बंगाल में मालदा हिंसा, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के ‘तांडव’ वाले बयान, असम में संभावित राजनीतिक गठबंधन और माइग्रेशन के मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
पश्चिम बंगाल में एसआईआर के तहत काम कर रहे न्यायिक अधिकारियों के साथ मारपीट और हिंसा के मामले में भाजपा नेता ने तीखी प्रतिक्रिया दी।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान टीआर श्रीनिवास ने पश्चिम बंगाल के मालदा में हुई हिंसा को बेहद दर्दनाक और शर्मनाक करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान एक न्यायिक अधिकारी को बंधक बनाया गया, जो कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
श्रीनिवास ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की पूरी प्रशासनिक मशीनरी को केंद्र के खिलाफ खड़ा कर दिया गया है। उनके अनुसार, राज्य की नौकरशाही, पुलिस और सत्तारूढ़ दल टीएमसी का कैडर अराजकता की ओर बढ़ गया है, जिससे लोकतंत्र कमजोर हो रहा है।
उन्होंने कहा कि यह स्थिति लोकतांत्रिक व्यवस्था के बजाय ‘किंगडम’ जैसी प्रतीत होती है और अब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।
असम की राजनीति और असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए टीआर श्रीनिवास ने कहा कि ओवैसी विभिन्न राज्यों में चुनाव लड़कर अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी ने बदरुद्दीन अजमल के साथ राजनीतिक समीकरण इसलिए बनाया है क्योंकि हाल के चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
श्रीनिवास ने यह भी कहा कि असम में घुसपैठ एक बड़ा मुद्दा है और इस पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। उनके अनुसार, ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर बयान देते समय एक जनप्रतिनिधि को संयम बरतना चाहिए और राज्य के भौगोलिक व सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखना चाहिए।
--आईएएनएस
एएसएच/एबीएम