पश्चिम बंगाल में इस बार परिवर्तन तय है: आरपी सिंह
नई दिल्ली, 18 फरवरी (आईएएनएस)। भाजपा के वरिष्ठ नेता आरपी सिंह ने पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले दावा किया है कि इस बार बंगाल में परिवर्तन होगा और ममता बनर्जी की सरकार की विदाई तय है।
भाजपा नेता ने कहा कि बंगाल में इस बार परिवर्तन होने जा रहा है। इसी के तहत पार्टी ने परिवर्तन यात्रा निकालने का तय किया है। 294 सीटों पर परिवर्तन यात्रा निकाली जाएगी। इस बार सुनिश्चित है कि इस बार बंगाल में परिवर्तन हो रहा है। ममता बनर्जी की सरकार जा रही है।
केरल स्टोरी-2 फिल्म को लेकर हो रहे विवाद पर भाजपा नेता ने कहा कि केरल की कहानी देश की एक बड़ी सच्चाई बता रही है, कैसे लव जिहाद से धर्म बदला जा रहा है और कैसे उन लड़कियों का गलत इस्तेमाल अपने एजेंडे को बढ़ाने के लिए किया जा रहा है। इस फिल्म के जरिए कहानी सामने लाई जा रही है, इसीलिए विरोध किया जा रहा है, लेकिन सच तो सच है।
एआई समिट को लेकर राहुल गांधी के बयान पर भाजपा नेता ने कहा कि राहुल गांधी लगातार निरंतर झूठ बोलते हैं, कोशिश करते हैं कि समाज के अंदर सवाल खड़ा करें, बिहार के अंदर चुनाव आयोग पर सवाल उठाएं, और बिहार की जनता ने उन्हें नकार दिया। देश की जनता भी आगे उन्हें नकारती रहेगी। पीएम मोदी के नेतृत्व में इतना बड़ा समिट हो रहा है। दुनिया भर की नजर भारत पर है, लेकिन, नेता प्रतिपक्ष को दिक्कत हो रही है।
यूपी विधानसभा चुनाव बसपा के अकेले लड़े जाने पर आरपी सिंह ने कहा कि मायावती की अपनी पार्टी है और अकेले चुनाव लड़ने का उनकी पार्टी का फैसला है। वह पहले भी चुनाव अकेले लड़ चुकी हैं, यह पहली बार नहीं है।
इंडी अलायंस पर तंज कसते हुए भाजपा नेता ने कहा कि इंडी अलायंस सिर्फ लोकसभा चुनाव तक ही चल पाया, और उसके बाद अलायंस सिर्फ नाम भर का रह गया है। कांग्रेस पार्टी को इस अलायंस में कई राज्यों के प्रमुख दलों से कोई भाव नहीं मिल रहा है। अब इंडी अलायंस तार-तार हो गया है।
उन्होंने कहा कि अजित पवार मामले में अगर सरकार को लगेगा कि सीबीआई जांच होनी चाहिए, तो जरूर कराई जाएगी।
महाराष्ट्र सरकार द्वारा मुसलमानों के 5 प्रतिशत आरक्षण को खत्म करने पर भाजपा नेता ने कहा कि धर्म के नाम पर आरक्षण देने का कोटा नहीं है, पहले भी नहीं था।
तेलंगाना सरकार द्वारा रमजान के महीने में मुस्लिम सरकारी कर्मचारियों को खास छूट दिए जाने पर भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस को मुस्लीम लीग पार्टी हो जानी चाहिए। हिन्दुओं के त्योहार पर कभी छुट्टी नहीं दी जाती और न ही छूट दी जाती है।
--आईएएनएस
डीकेएम/एमएस