×

बंगाल में डबल इंजन की सरकार बनी तो होगा विकास: रूपा गांगुली

 

कोलकाता, 19 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने गुरुवार को 111 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। भाजपा ने सोनारपुर दक्षिण विधानसभा सीट से रूपा गांगुली को प्रत्याशी बनाया है।

कोलकाता में भाजपा प्रत्याशी रूपा गांगुली ने आईएएनएस से बातचीत में टिकट मिलने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है।

उन्होंने कहा कि मुझे जिस सीट से मैदान में उतारा गया है, वहां टीएमसी की एक महिला मौजूदा विधायक हैं। उनके अलावा, वामपंथी खेमे से भी एक और महिला उम्मीदवार हैं। असल बात यह है कि हम तीनों ही महिलाएं हैं। मैं उन दोनों का ही पूरे सम्मान के साथ अभिवादन करना चाहूंगी। मैं अपनी बात जनता के सामने रखूंगी। जनता ने टीएमसी को वर्षों तक मौका दिया है, लेकिन लोगों को न्याय और शांति नहीं मिली। अब जनता को सोचना पड़ेगा कि उन्हें न्याय शांति चाहिए तो परिवर्तन करना होगा। उन्हें बदलाव के लिए वोट करना पड़ेगा।

भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि बंगाल की स्थिति यह है कि हर जगह पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी नहीं हैं। अगर कुछ जगह होंगे तो वहां सुविधा नहीं है। बंगाल में डबल इंजन की सरकार बनेगी तो बंगाल में विकास होगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद 26 दिसंबर 2026 तक सरकार में सभी खाली पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। सभी पद बिना किसी रिश्वत के भरे जाएंगे। यही सबसे महत्वपूर्ण बात है। सब कुछ पूरी तरह से पारदर्शी तरीके से शुरू होगा।

भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि मैं पश्चिम बंगाल की जनता से यह कहना चाहूंगी कि राज्य में राजनीति का तरीका कुछ ऐसा है कि जो लोग अभी सत्ता में हैं, वे अपनी पसंद के लोगों को ही काम देंगे, अपनी पसंद के लोगों को ही घर देंगे। पीएम आवास योजना भी वे अपने लोगों को देंगे, इसीलिए आम जनता को सुविधा नहीं मिलती है। टीएमसी की सरकार और उनके नेता सिर्फ अपनी जेब भरना चाहते हैं। कानून व्यवस्था इतनी खराब है कि 6 हजार से ज्यादा फैक्ट्री और कंपनी ने यहां से अलविदा कह दिया।

उन्होंने बंगाल में अधिकारियों के तबादले पर सीएम ममता बनर्जी के बयान पर कहा कि वे यह कहना चाहती हैं कि यहां जिन अधिकारियों को नियुक्त किया जा रहा है, वे अनपढ़ हैं। वे आईएएस अधिकारी, आईपीएल और दूसरी जगहों के डीएम भी हैं। वे अनपढ़ तो नहीं हैं जो ममता बनर्जी को समस्या हो रही है। समस्या यह है कि यह अधिकारी उनकी जान-पहचान के नहीं है जो उनके इशारे पर काम करे।

उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि चुनाव आयोग अपना काम कर रहा है। मुझे बोलने का हक भी नहीं बनता है, लेकिन मैं कहना चाहती हूं कि जो बदले में आ रहे हैं वे भी ऑफिसर हैं।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी