बंगाल में चुनाव आयोग ने बिना डरे मतदान का अवसर दिया और बिहार में निष्पक्ष मतदान कराया: राजीव रंजन प्रसाद
पटना, 27 सितंबर (आईएएनएस)। यूएन में आतंकवाद के खिलाफ भारत के आवाज उठाने, सीईसी के इस्तीफे की मांग और 'इंडिया' गठबंधन की बैठक सहित कई मामलों पर जदयू नेता राजीव रंजन प्रसाद की प्रतिक्रिया सामने आई है।
आईएएनएस से बातचीत करते हुए विपक्ष की ओर से सीईसी के इस्तीफे की मांग को लेकर राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, "जो जनता के बीच काम नहीं करते, जनता ने उन्हें हैसियत दिखाने का काम कर दिया है। ममता बनर्जी को पश्चिम बंगाल की चिंता नहीं है। बंगाल में आरजी कर और संदेशखाली की जिस तरह से घटनाएं घटी, उससे बिल्कुल साफ था कि ममता बनर्जी की स्थिति गंभीर है। चुनाव आयोग की ओर से जब बिना डरे मतदान का अवसर दिया तो मतदाताओं ने ममता के फिर से सत्ता में बने रहने के आसार को समाप्त कर दिया।
राजीव रंजन ने आगे कहा, "जो राजनेता विरासत में सोने का चम्मच लेकर आते हैं, उनको लगता है कि सत्ता उनका अधिकार है। चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और निर्भीक मतदान कराया, जिसके बाद तेजस्वी यादव की पार्टी 25 विधायकों की बन गई है।" उन्होंने कहा, "राहुल गांधी तीसरी कोशिश के बाद भी अपनी पार्टी का शतक नहीं लगा पाए। नेताओं की उदासीनता की वजह से कांग्रेस अपनी प्रासंगिकता खो रही है।"
पटना फायरिंग मामले और डीजीपी विनय कुमार के वीआरएस के सवाल पर राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, "दोनों घटनाओं को जोड़ने का मतलब नहीं है। विनय कुमार का पूरी तरह से व्यक्तिगत निर्णय है और उनका लंबा अनुभव है। जहां तक ताजा मामले का सवाल है तो घटनाएं अगर हो रही हैं तो उसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में भी कोई अपराधी नहीं बचेगा। एक्शन टेकेन रिपोर्ट (एटीआर) बताता है कि पुलिस की ओर से ज्यादातर मामलों में कार्रवाई की गई और अपराधियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की गई।"
असदुद्दीन ओवैसी की ओर से एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल उठाने जाने के सवाल पर राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, "एसआईआर एक संवैधानिक प्रक्रिया है। एसआईआर पहले भी होते रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट की ओर से भी इस पर मुहर लगाई गई है।"
आतंकवाद के खिलाफ यूएन में भारत की ओर से आवाज उठाए जाने के सवाल पर राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, "आतंकवाद पूरी दुनिया के लिए एक अभिशाप है। आतंकवाद के जख्म हिंदुस्तान ने बार-बार झेले हैं। इन तमाम आतंकी हमलों का केंद्र पड़ोसी देश पाकिस्तान में है। जिस देश में हाफिज सईद जैसा आतंकी हो, पाकिस्तान जैसे देश के खिलाफ हर संभव वे प्रतिबंध लगाने चाहिए, जिससे आतंकवाद के समर्थक राष्ट्र के रूप में उसका गला घुंट जाए।"
--आईएएनएस
एसडी/पीएम