पश्चिम बंगाल में भय का राज खत्म, भरोसे का राज शुरू होगा: मनोज तिवारी
कोलकाता, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग के तहत 142 सीटों पर 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। सोमवार को दूसरे चरण के चुनाव प्रचार का शोर थम गया। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने पूरे दिन जोर-शोर से चुनावी सभाएं और रोड शो किए।
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कई विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के लिए रोड शो और जनसभा कर भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील की।
उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि बंगाल की जनता ने ठान लिया है कि प्रदेश में अगली सरकार भाजपा की बनेगी और टीएमसी को सत्ता से हटाना है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल को बचाने के लिए यह चुनाव हो रहा है। रोड शो में लोगों का यह प्रेम भाजपा की जीत का प्रमाण है।
मनोज तिवारी ने कहा कि बंगाल में अब भय का राज खत्म हो रहा है और भरोसे का राज शुरू होने वाला है। बंगाल में भरोसे का शासन भाजपा की सरकार देगी। बंगाल की जनता को वह सभी सुविधाएं मिलेंगी, जिनसे सीएम ममता बनर्जी ने उन्हें वंचित रखा था।
दूसरे चरण की वोटिंग को लेकर भाजपा सांसद ने दावा किया कि दूसरे चरण में होने वाला मतदान पहले चरण के मतदान रिकॉर्ड को ध्वस्त करेगा।
तिवारी ने कहा कि चुनाव आयोग को धन्यवाद, जिन्होंने निष्पक्ष चुनाव आयोजित कराया। यही कारण है कि वोटर बिना डर-भय के वोट करने के लिए मतदान केंद्रों तक पहुंचे।
बता दें कि पहले चरण में बंगाल की 152 सीटों पर बंपर वोटिंग हुई। चुनाव आयोग के अनुसार, 90 फीसदी से ज्यादा वोटिंग हुई। इस रिकॉर्ड वोटिंग को लेकर कई दलों ने वोटरों की सराहना की तो कुछ दलों ने इसे अपने पक्ष में बताया।
भाजपा के कई नेताओं ने दावा किया कि जनता ने उनके पक्ष में वोट किया और वे पहले चरण में 100 से अधिक सीटें जीत रहे हैं और दूसरे चरण में भाजपा को आसानी से स्पष्ट बहुमत मिलेगा।
दूसरी ओर, टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा कि पहले चरण में 152 सीटों में से हमने 100 का आंकड़ा पार कर लिया है, और दूसरे चरण में भी अधिक से अधिक सीटे जीतेंगे और पूर्ण बहुमत हासिल करेंगे।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी