×

हमने बंगाल की जनता को ध्यान में रखकर घोषणा पत्र जारी किया: गुलाम अहमद मीर

 

कोलकाता, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने घोषणा पत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस ने महिलाओं को 2000 रुपए की आर्थिक सहायता देने का वादा किया। पार्टी के वरिष्ठ नेता गुलाम अहमद मीर ने कहा कि पार्टी ने बंगाल की जनता को ध्यान में रखकर घोषणा पत्र जारी किया है।

कोलकाता में गुलाम अहमद मीर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि अगर लोग कोई सुझाव देते हैं तो उसका पालन करना और उसे लागू करना हमारी जिम्मेदारी है। जैसा कि मैंने कहा, हमने किसी किताब की नकल नहीं की है। हमने पिछले घोषणा पत्र की पुरानी बातों को ही नए रूप में पेश नहीं किया है। इस नई जानकारी के आधार पर आज के दौर के हिसाब से पश्चिम बंगाल के युवा, बुजुर्ग, भाई-बहन, व्यापारी और मजदूर के मन में क्या था? उसे देखते हुए घोषणा पत्र जारी किया है।

उन्होंने कहा कि हमने उन सभी बातों को पांच गारंटियों में संक्षेप में पेश किया है।

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के अकेले चुनाव लड़ने पर गुलाम अहमद मीर ने कहा कि यह लोगों की भी राय थी। यह किसी गुलाम अहमद मीर या किसी शुभंकर सरकार का फैसला नहीं है। हम पिछले एक साल से लगातार लोगों से बातचीत कर रहे हैं। हमने उन्हें कई विकल्प दिए। हमने कार्यकर्ताओं से विकल्पों के बारे में पूछा, किसी बंद कमरे में नहीं पूछा गया। कार्यकर्ताओं को हमने जो विकल्प दिया, उस आधार पर पूछा कि आप कौन सा विकल्प चाहते हैं। सबकी एक ही राय सामने आई कि हमें अपनी ताकत पर चुनाव लड़ना चाहिए, हमें अपना कैडर बनाना चाहिए और हमें अपना नेतृत्व तैयार करना चाहिए। बंगाल में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए अकेले चुनाव लड़ना जरूरी है।

बता दें कि कांग्रेस पार्टी का घोषणा पत्र जारी करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम बहुत दिनों के बाद बंगाल में सभी सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। यहां के लोगों को एक नया विकल्प देने की कोशिश कर रहे हैं। हमारा घोषणा पत्र ‘जनता के लिए राहत’ और ‘बंगाल के विकास’ को ध्यान में रखकर बनाया गया है। महिलाओं को 2000 रुपए महीना, किसानों को 15000 रुपए सालाना, 10 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा, युवाओं के लिए रोजगार, हर जिले में एआई सेंटर की योजना है।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी