×

भाजपा और टीएमसी को खदेड़ने का काम करेगी बंगाल की जनता: राकेश सिन्हा

 

रांची, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बीच हुई हिंसा को लेकर कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने टीएमसी पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि टीएमसी के गुंडे विरोधी आवाजों को डरा-धमका रहे हैं और उनकी हत्या कर रहे हैं।

झारखंड की राजधानी रांची में राकेश सिन्हा ने आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस कार्यकर्ता देबदीप चटर्जी की हत्या का जिक्र करते हुए ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी के गुंडे नफरत फैला रहे हैं। विरोधी आवाजों को दबाने और उनकी हत्या करने का यही उनका चरित्र बन गया है। लोकतंत्र में इसकी कोई जगह नहीं है। जिस प्रकार से टीएमसी के गुंडों का उपद्रव चल रहा है, यह बंगाल के हित में नहीं है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि पश्चिम बंगाल में चुनाव के दूसरे चरण का आज आखिरी दिन है। बंगाल के लोग अब भाजपा और टीएमसी दोनों को राज्य से हटाने का मन बना चुके हैं।

राकेश सिन्हा ने सीएम ममता बनर्जी द्वारा एनआरसी और डिटेंशन कैंप न लगाने की घोषणा पर कहा कि ममता के हठधर्मिता से काम नहीं हो सकता है। डिटेंशन सेंटर बनने से उन्हें क्या दिक्कत है?

दूसरी तरफ कांग्रेस नेता ने भाजपा पर आरोप लगाया कि घुसपैठिये का मुद्दा वहां-वहां उठता है, जहां चुनाव होते हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए पूछा कि अब तक कितने घुसपैठियों की पहचान की गई है।

भाजपा नेता किरीट सोमैया के बयान पर सिन्हा ने कहा कि यहां की सरकार को बहुमत विकास करने के लिए मिला था, लेकिन सरकार विकास नहीं कर पाई। महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक तंगी और अर्थव्यवस्था में गिरावट है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इन असली मुद्दों पर बात करने की हिम्मत नहीं करती, इसलिए हिंदू-मुस्लिम मुद्दा उठाकर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश करती है।

उन्होंने कर्नाटक का जिक्र करते हुए कहा कि कौन सीएम बनेगा? यह हमारा शीर्ष नेतृत्व तय करता है। लोग मांग कर रहे हैं कि डीके शिवकुमार को सीएम बनाया जाए। मांग करने में किसी को दिक्कत नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि यहां की जनता आक्रोशित है। ट्रंप के दबाव में भारत ने सीजफायर किया। पाकिस्तान भारत के सामने टिक नहीं सकता है, लेकिन आज अमेरिका सीजफायर का क्रेडिट ले रहा है। पाकिस्तान में शांति वार्ता हो रही है। ट्रंप की ओर से जिस तरह से भारत के लोगों पर बयान आया है, लेकिन हमारी सरकार चुनाव में व्यस्त है।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी