×

बंगाल के कुछ सीटों पर पुनर्मतदान को एनडीए ने बताया सही, कहा-टीएमसी ने फर्जी वोट के लिए लगाया था स्टिकर

 

कोलकाता, 2 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में फिर से मतदान होने पर एनडीए के नेताओं ने टीएमसी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि टीएमसी हार रही है, इसके बारे में सभी को पता चल गया है। इसीलिए फर्जी तरीके से जीतने के लिए ईवीएम में स्टिकर लगा दिया था।

भाजपा नेता और राज्यसभा सदस्य राहुल सिन्हा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "ऐसा लगता है कि तृणमूल चुनाव हारने वाली है। उसके कार्यकर्ताओं को भी इस बात का एहसास हो गया है। कहा जा रहा है कि तृणमूल के कार्यकर्ता रंगदारी और अवैध वसूली में शामिल हैं। अगर वे सत्ता में नहीं रहे, तो वे ऐसी गतिविधियां नहीं कर पाएंगे। इसी वजह से तृणमूल के कई कार्यकर्ता पार्टी से किनारा कर चुके हैं और वे मतगणना प्रक्रिया में हिस्सा लेने को भी तैयार नहीं हैं। इसलिए, ममता बनर्जी सड़कों पर उतर आई हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने की कोशिश कर रही हैं।"

राहुल सिन्हा ने कहा, "दोनों ही निर्वाचन क्षेत्रों में ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोप लगे थे। कहा जा रहा है कि कैमरे का रुख भी दूसरी तरफ कर दिया गया था और ईवीएम पर गुपचुप तरीके से स्टिकर लगा दिए गए थे, ताकि वोट सिर्फ तृणमूल को ही मिलें, किसी दूसरी पार्टी को नहीं। नतीजतन, चुनाव आयोग ने सभी बूथों पर दोबारा मतदान कराने का फैसला किया, जिसे एक सही फैसला माना जा रहा है।"

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने कहा, "पश्चिम बंगाल में, तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर ईवीएम मशीनों पर भाजपा के निशान वाले स्टिकर लगा दिए थे। इसके चलते, चुनाव आयोग ने निष्पक्षता बनाए रखने के लिए दोबारा मतदान का आदेश दिया। आज हो रहा यह दोबारा मतदान निष्पक्ष रहने की उम्मीद है, और माना जा रहा है कि 15 बूथों पर भाजपा को बड़ी बढ़त मिलेगी।"

सुप्रीम कोर्ट द्वारा कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को अग्रिम जमानत दिए जाने पर प्रेम शुक्ला ने कहा, "पुलिस बदले की भावना से काम नहीं कर रही है, बल्कि वह अपनी जिम्मेदारियों को निभा रही है। अगर किसी व्यक्ति ने धोखाधड़ी की है और जाली दस्तावेज तैयार किए हैं,और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है, तो ऐसे धोखेबाज के खिलाफ उचित कार्रवाई करना पुलिस का फ़र्ज़ है। सुप्रीम कोर्ट ने पवन खेड़ा को यह भी निर्देश दिया है कि जब भी पुलिस उन्हें तलब करे, वे पेश हों।"

खड़गपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष ने कहा, "वहां कुछ भी नहीं है। टीएमसी बाहर ड्रामा कर रही है और माहौल को गरमाने की कोशिश कर रही है। कहीं कोई समस्या नहीं है। यह सब सिर्फ कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने और लोगों का ध्यान खींचने के लिए किया जा रहा है। असल में, ऐसा कुछ भी नहीं हो रहा है।"

--आईएएनएस

एसएके/वीसी