बेन डकेट का शतक, इंग्लैंड ने श्रीलंका को दिया 387 रन का लक्ष्य
लाहौर, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। गद्दाफी स्टेडियम में खेले जा रहे त्रिकोणीय वनडे सीरीज के आखिरी लीग मुकाबले में बेन डकेट की विस्फोटक शतकीय पारी के दम पर इंग्लैंड ने श्रीलंका को 387 रन का लक्ष्य दिया है।
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड को टॉम बैंटन और बेन डकेट ने मजबूत शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 25 ओवर में 163 रन की साझेदारी की। बैंटन 75 गेंदों पर 2 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 74 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद डकेट ने कप्तान ब्रूक के साथ दूसरे विकेट के लिए 75 गेंदों पर 107 रन की साझेदारी की। ब्रूक 34 गेंदों पर 2 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 44 रन बनाकर आउट हुए।
गिरते विकेटों के बीच डकेट एक छोर पर जमे थे। तीसरे विकेट के रूप में आउट होने से पहले बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 132 गेंदों पर 24 चौकों की मदद से 167 रन की पारी खेली।
विल जैक्स के 21 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से बनाए 30, विकेटकीपर बल्लेबाज जॉर्डन कॉक्स के 27 गेंदों पर बनाए 43 रन और सैम करन के 12 गेंदों पर 21 रन की मदद से इंग्लैंड ने 5 विकेट पर 386 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया है।
श्रीलंका के लिए असिथा फर्नांडो ने 2, दिलशान मदुशंका, ईशान मलिंगा और दासुन शनाका ने 1-1 विकेट लिए।
श्रीलंका ने इंग्लैंड के खिलाफ इसी सीरीज के अपने पिछले मैच में 430 रन का लक्ष्य हासिल कर ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। श्रीलंका की वनडे क्रिकेट में लक्ष्य का पीछा करते हुए यह सबसे बड़ी जीत थी। ऐसे में देखना होगा कि 387 रन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए श्रीलंका किस तरह आगे बढ़ती है।
बता दें कि श्रीलंका और पाकिस्तान पहले ही इस त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में पहुंच चुकी हैं। श्रीलंका को इस मैच में हार से नुकसान नहीं होगा। वहीं, इंग्लैंड इस मैच को अपने सम्मान के लिए जीतना चाहेगी।
--आईएएनएस
पीएके