×

बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज के खिलाफ एनएचआरसी ने पंजाब के मुख्य सचिव और डीजीपी को भेजा नोटिस

 

नई दिल्ली, 27 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने पंजाब के बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज की घटना पर संज्ञान लिया है। आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को नोटिस जारी करते हुए विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

यह कदम एक शिकायत पर संज्ञान लेने के बाद उठाया गया है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि पंजाब पुलिस ने 25 जुलाई को बरनाला में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों (जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं) पर जरूरत से अधिक बल प्रयोग किया और बिना किसी वजह के लाठीचार्ज किया। यह विरोध प्रदर्शन अपनी सेवाओं को नियमित करने, वेतन बढ़ाने और नौकरी की सुरक्षा की मांग को लेकर किया जा रहा था।

एनएचआरसी की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है, "शिकायतकर्ता के आरोप पहली नजर में पीड़ितों के मानवाधिकारों का उल्लंघन हैं। प्रियंक कानूनगो की अध्यक्षता वाली आयोग की बेंच ने मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम-1993 की धारा 12 के तहत इस मामले का संज्ञान लिया है। रजिस्ट्री को निर्देश दिया गया है कि वह पंजाब सरकार के मुख्य सचिव और पंजाब के डीजीपी को नोटिस जारी करे व उनसे शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कराने को कहे।"

इसके साथ ही, नोटिस में कहा गया है, "अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे दो हफ्तों में एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपें।"

इस नोटिस में एनएचआरसी ने अधिकारियों से बल प्रयोग के पीछे की वास्तविक पृष्ठभूमि, कारण और औचित्य के कारण बताने को कहा है। इसके अलावा, महिला सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज का आदेश देने वाले अधिकारी की जानकारी मांगी गई है। साथ ही, अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे लाठीचार्ज के दौरान घायल कर्मचारियों की जानकारी दें और उनकी वर्तमान मेडिकल स्थिति बताएं। एनएचआरसी ने मुख्य सचिव और डीजीपी से घटना की जांच को लेकर भी जवाब मांगा है।

--आईएएनएस

डीसीएच/