बारामती उपचुनाव: 6 अप्रैल को नामांकन भरेंगी सुनेत्रा पवार, कई दिग्गज रहेंगे मौजूद
मुंबई, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र की बारामती विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। प्रदेश की उपमुख्यमंत्री और एनसीपी अध्यक्ष सुनेत्रा पवार 6 अप्रैल को अपना नामांकन दाखिल करेंगी। इस दौरान कई दिग्गज नेता उनके साथ मौजूद रहेंगे।
जानकारी के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी उपस्थित रहेंगे।
यह उपचुनाव पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद कराया जा रहा है। 28 जनवरी को बारामती में एक विमान दुर्घटना में उनकी चार अन्य लोगों के साथ मौत हो गई थी। अजित पवार का बारामती सीट पर लंबे समय तक दबदबा रहा और वे यहां से आठ बार विधायक चुने गए थे, जिससे यह सीट राजनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जाती है। इस उपचुनाव को लेकर दिलचस्प बात यह है कि शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एसपी) ने इस सीट पर अपना उम्मीदवार न उतारने का फैसला किया है। हालांकि, उसकी सहयोगी कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि वह चुनाव को एकतरफा नहीं होने देगी।
बारामती के अलावा, अहिल्यानगर जिले की राहुरी विधानसभा सीट पर भी 23 अप्रैल को उपचुनाव होना है। 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में शिवाजी कर्डीले ने इस सीट पर फिर भाजपा की ओर से ताल ठोकी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार प्राजक्त तनपुरे को लगभग 14,000 से अधिक वोटों के अंतर से हराया था। अक्टूबर 2025 में दिल का दौरा पड़ने से शिवाजी का निधन हो गया था, जिसके बाद यह सीट भी रिक्त हो गई थी। दोनों सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
बता दें कि चुनाव आयोग के अनुसार, 6 राज्यों की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। गोवा, कर्नाटक, नागालैंड, त्रिपुरा में 23 अप्रैल को वोटिंग होगी। वहीं, गुजरात और महाराष्ट्र में 9 अप्रैल 2026 को वोटिंग होगी। आयोग ने राज्यों के प्रशासन को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सुरक्षा और चुनावी तैयारियों को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
--आईएएनएस
पीएसके