बारामती सीट पर उपचुनाव के मतदान में नहीं शामिल हो पाएंगे शरद पवार: सुनेत्रा पवार
बारामती, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र की बारामती विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में एनसीपी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार मतदान नहीं कर पाएंगे। यह जानकारी महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने सोशल मीडिया पर साझा की।
उपमुख्यमंत्री और एनसीपी चीफ सुनेत्रा पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि खराब स्वास्थ्य के कारण पवार साहब (शरद पवार) बारामती विधानसभा उपचुनाव के मतदान में शामिल नहीं हो पाएंगे। हालांकि, उनका आशीर्वाद मेरे और बारामती की जनता के लिए अमूल्य है।
उन्होंने कहा कि पवार साहब का बारामती, महाराष्ट्र और देश के विकास में योगदान प्रेरणादायक है। उनके मार्गदर्शन में दादा ने भी विकासोन्मुखी राजनीति की समृद्ध परंपरा को कायम रखा है। बारामती के लोग पवार साहब की अपील पर निश्चित रूप से उत्साहपूर्वक प्रतिक्रिया देंगे। बारामती के लोग विकास के विचारों से जुड़े हुए हैं, और भविष्य में भी यह दिशा दृढ़ बनी रहेगी।
उन्होंने कहा कि पवार साहब के स्वास्थ्य में शीघ्र स्वस्थ होने की मेरी हार्दिक प्रार्थना है!
इससे पहले शरद पवार ने क्षेत्र की जनता के नाम एक पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने बताया कि वह मतदान करने के लिए बारामती पहुंचने वाले थे, लेकिन खराब स्वास्थ्य के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। उन्होंने कहा कि वे जल्द स्वस्थ होकर फिर से जनता के बीच लौटेंगे।
शरद पवार ने अपने संदेश में कहा कि वे 1967 में अपने पहले चुनाव के बाद से लगातार बारामती क्षेत्र में मतदान करते आ रहे हैं, लेकिन इस बार खराब स्वास्थ्य के कारण मतदान नहीं कर पाएंगे।
उन्होंने बताया कि उपचुनाव में शामिल होने और मतदान के लिए बारामती आने की उनकी इच्छा थी, लेकिन तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। डॉक्टरों ने उन्हें यात्रा करने से मना किया है, जिससे वे मतदान के अधिकार का उपयोग नहीं कर सके।
उन्होंने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत दुखद और पीड़ादायक स्थिति है, लेकिन वे उम्मीद करते हैं कि बारामती के मतदाता और समर्थक उनकी परिस्थितियों को समझेंगे।
उन्होंने अपने संदेश में यह भी बताया कि उनकी पार्टी (नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी– शरदचंद्र पवार) ने इस उपचुनाव में सुनेत्रा अजित पवार को समर्थन देने का निर्णय लिया है। उन्होंने इसे स्वर्गीय अजित पवार को श्रद्धांजलि बताया। उन्होंने बारामती के मतदाताओं से अपील की कि वे सुनेत्रा अजित पवार के पक्ष में मतदान करें और इस निर्णय को श्रद्धांजलि के रूप में देखें।
उन्होंने कहा कि बारामती की जनता ने हमेशा उन पर विश्वास जताया है और उन्हें भरोसा है कि आगे भी लोग उनकी अपील का सम्मान करेंगे।
--आईएएनएस
एमएस/