☰
×

बाराबंकी में आधी रात भीषण हादसा, कार आग का गोला बनी, पांच लोगों ने कूदकर बचाई जान

 

बाराबंकी, 19 नवंबर (आईएएनएस)। बाराबंकी जिले के सफदरगंज थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात करीब एक बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। अयोध्या से लखनऊ की ओर जा रही तेज रफ्तार कार फतेह राइस मिल के सामने आगे चल रही डीसीएम में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ ही देर में कार में आग लग गई।

जानकारी के अनुसार देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई और सड़क पर धू-धूकर जलने लगी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि कार में सवार पांचों लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

कार (यूपी 52 डीयू 2237) अयोध्या से लखनऊ की ओर जा रही थी। बुधवार देर रात करीब एक बजे जब कार सफदरगंज थाना क्षेत्र में फतेह राइस मिल के सामने पहुंची, तभी वह आगे चल रही डीसीएम (यूपी 45 सीपी 0598) से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसी दौरान कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।

कार में आग लगते ही उसमें सवार पांच लोगों में चीख-पुकार मच गई। आग तेजी से फैलती देख सभी ने किसी तरह कार के दरवाजे खोलकर बाहर निकलने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद पांचों लोग सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। इसके बाद कार कुछ ही देर में आग की लपटों से घिर गई। सड़क पर जलती कार को देखकर आसपास मौजूद लोग भी सहम गए।

हादसे की सूचना मिलते ही सफदरगंज थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

वहीं, हादसे के कारण अयोध्या से लखनऊ जाने वाले मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। सड़क पर जली हुई कार के खड़ी होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस ने जली हुई कार को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।

--आईएएनएस

एसएके/एबीएम