27 सितंबर को संडे के दिन भी खुलेंगे बैंक! 3 दिन की महाहड़ताल से पहले RBI का बड़ा फैसला
बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी खबर है। सितंबर के आखिरी दिनों में प्रस्तावित बैंक हड़ताल को देखते हुए रविवार को भी बैंक खुले रहेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक यानी RBI ने ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 27 सितंबर 2026, रविवार को बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से जारी रखने की मंजूरी दी है।
दरअसल, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस यानी UFBU ने 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल का ऐलान किया है। इससे पहले 26 और 27 सितंबर को वीकेंड की छुट्टी है। ऐसे में लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
RBI के निर्देश के मुताबिक, सभी पब्लिक सेक्टर बैंक और रीजनल रूरल बैंक 27 सितंबर यानी रविवार को सामान्य कार्यदिवस की तरह काम करेंगे। ग्राहकों को बैंकिंग से जुड़े जरूरी काम निपटाने का मौका मिलेगा।इसके अलावा RBI ने बैंक शाखाओं, संबंधित कार्यालयों, ATM से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को भी 27 सितंबर को पूरी तरह चालू रखने की मंजूरी दी है।
सरकार और बैंक मैनेजमेंट की ओर से बैंक यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल को टालने की अपील भी की गई है। साथ ही जरूरी बैंकिंग सेवाओं को बिना रुकावट जारी रखने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।यानी अगर आप बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम करना चाहते हैं, तो 27 सितंबर रविवार को भी बैंक जाकर अपना काम करा सकते हैं। हालांकि, 28 से 30 सितंबर की प्रस्तावित हड़ताल को लेकर आगे की स्थिति पर नजर रखना जरूरी होगा।