×

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव: नेताओं ने किया मतदान, जनता से की बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील

 

पटना, 30 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना स्थित बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए गुरुवार को मतदान प्रक्रिया जारी है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिल रही हैं। आम मतदाताओं के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य राजनीतिक नेताओं ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया और लोगों से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने पटना के महिला कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने बताया कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से इसी बूथ पर मतदान करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और एनडीए उम्मीदवार के समर्थन में मतदान कर उन्हें खुशी हुई है। रविशंकर प्रसाद ने विश्वास जताया कि जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ेगा, मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी होगी और बड़ी संख्या में मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग करेंगे।

रविशंकर प्रसाद की पत्नी माया शंकर ने भी मतदान करने के बाद कहा कि वह हमेशा विकास को ध्यान में रखकर अपना वोट देती हैं। उन्होंने कहा कि मतदान प्रत्येक नागरिक का अधिकार और कर्तव्य दोनों है। उन्होंने सभी मतदाताओं से घरों से निकलकर मतदान करने की अपील की।

बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि जनप्रतिनिधि का अपने क्षेत्र और मतदाताओं से निरंतर जुड़ा रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनता केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि पूरे कार्यकाल के दौरान अपने प्रतिनिधि से संपर्क और सहयोग की उम्मीद करती है। उन्होंने कहा कि विकास, जनकल्याण और व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधि का जनता के बीच रहना आवश्यक है।

अशोक चौधरी ने यह भी कहा कि भाजपा नेता नितिन नवीन को बांकीपुर की जनता ने चार बार विधायक चुना और अब वे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र के लोगों के विश्वास और समर्थन का परिणाम है। वहीं, इस बार भाजपा की तरफ से जिन्हें उम्मीदवार बनाया गया है, वह भी जमीन से जुड़े कार्यकर्ता रहे हैं।

वहीं, उनकी पत्नी नीता केशकर चौधरी ने कहा, "मुख्य मुद्दा विकास है और हम चाहते हैं कि अब तक जो प्रगति हुई है, वह जारी रहे। सुरक्षा, खासकर महिलाओं की सुरक्षा, भी हमारे लिए अहम चिंता का विषय है।"

भाजपा नेता एस.एस. अहलूवालिया ने मतदान के बाद कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का मतदान है। उन्होंने कहा कि यह सुखद है कि उपचुनाव होने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग मतदान केंद्रों तक पहुंच रहे हैं। उनके मुताबिक, यह लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोगों के मजबूत विश्वास को दर्शाता है।

जेडीयू विधायक श्याम रजक ने भी सुबह अपने परिवार के साथ मतदान किया। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है और प्रत्येक नागरिक को बिना किसी भय या संकोच के मतदान अवश्य करना चाहिए। उन्होंने सभी मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्र पहुंचने की अपील की।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने कहा, "वोट देना हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है। चुनाव लोकतंत्र का उत्सव है और सभी को इस उत्सव में शामिल होना चाहिए। बांकीपुर हमारा परिवार है और हमें पूरा भरोसा है कि यहां के लोग विकास के साथ खड़े रहेंगें।"

उन्होंने कहा, "चुनाव हमेशा स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र होने चाहिए। चुनाव एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया है और इसमें किसी भी तरह से हेरफेर या दखलंदाजी की कोशिश नहीं होनी चाहिए।"

जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के देर रात जक्कनपुर पुलिस स्टेशन जाने पर गुरु प्रकाश ने कहा, "वह सब भूल जाइए। वे आज के बाद गायब हो जाएंगे। इसका कोई महत्व नहीं है। आज शाम तक और निश्चित रूप से 3 अगस्त तक, वे खत्म हो जाएंगे।"

मतदान केंद्र पहुंची एक मतदाता ने भी 'पहले मतदान, फिर जलपान' का संदेश देते हुए लोगों से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

--आईएएनएस

पीआईएम/डीएससी