बांकीपुर उपचुनाव : जन सुराज के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने के आरोप का पुलिस ने दिया जवाब
पटना, 30 जुलाई (आईएएनएस)। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार को मतदान के बीच जन सुराज के संस्थापक एवं पार्टी प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने प्रशासन पर उनके कार्यकर्ताओं के खिलाफ पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया। वहीं, पटना पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत साइलेंस पीरियड के दौरान चुनाव प्रचार से जुड़े बाहरी व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।
मतदान के दौरान मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि प्रशासन जन सुराज के कार्यकर्ताओं को निशाना बना रहा है, जबकि अन्य दलों के कार्यकर्ताओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर रही है और इसे निष्पक्ष चुनाव की भावना के विपरीत बताया।
इससे पहले कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने के बाद बुधवार देर रात प्रशांत किशोर पार्टी समर्थकों के साथ जक्कनपुर थाना पहुंचे थे, जहां उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने कहा कि यदि जन सुराज के किसी कार्यकर्ता ने कोई अपराध किया है तो उसके खिलाफ विधि सम्मत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जानी चाहिए, लेकिन बिना जानकारी दिए लोगों को हिरासत में लेना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिरासत में लिए गए लोगों के परिजनों और साथियों को उनकी स्थिति की जानकारी भी नहीं दी गई।
वहीं, पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सोशल मीडिया सेल की ओर से गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि निर्वाचन प्रक्रिया के तहत मतदान समाप्त होने से 48 घंटे पूर्व लागू साइलेंस पीरियड के दौरान चुनाव प्रचार-प्रसार पूरी तरह प्रतिबंधित रहता है। इस अवधि में चुनाव प्रचार से जुड़े ऐसे सभी व्यक्तियों, जो संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता नहीं हैं, उन्हें क्षेत्र छोड़ना अनिवार्य होता है।
पुलिस के अनुसार, प्रशासन द्वारा नियमित जांच एवं सत्यापन के दौरान कुछ बाहरी जिलों के लोगों की निर्वाचन क्षेत्र में मौजूदगी पाई गई तथा उनके चुनाव प्रचार में संलिप्त होने के संकेत मिले। इसके बाद निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें प्रीवेंटिव हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने अपने बयान में यह भी कहा कि प्रशासन निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुरूप ही सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
--आईएएनएस
एमएनपी/एसके