×

बांकीपुर, मांजलपुर और दतिया के मतदाताओं से नितिन नवीन की अपील- 'आपका मत महत्वपूर्ण, विकसित भारत बनाने में दें योगदान'

 

नई दिल्ली, 30 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बांकीपुर, मांजलपुर और दतिया विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से चुनाव में बढ़-चढ़कर वोट डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि बांकीपुर, मांजलपुर और दतिया के उज्ज्वल भविष्य के लिए आपका एक-एक मत अत्यंत महत्वपूर्ण है।

नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "आज बांकीपुर, मांजलपुर और दतिया के उज्ज्वल भविष्य के लिए आपका एक-एक मत अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों की जनता एक बार फिर विकास, सुशासन और जनसेवा के संकल्प पर अपना अटूट विश्वास व्यक्त करेगी तथा विकास की इस निरंतर यात्रा को नई शक्ति प्रदान करेगी।"

उन्होंने आगे लिखा, "मैं बांकीपुर, मांजलपुर और दतिया विधानसभा के सभी सम्मानित मतदाताओं, विशेषकर युवाओं व मातृशक्ति से आग्रह करता हूं कि अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और विकसित भारत के संकल्प को सशक्त बनाने में अपना अमूल्य योगदान दें। याद रखें- पहले मतदान, फिर जलपान।"

इससे पहले, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दतिया विधानसभा के सभी मतदाताओं से आग्रह किया कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में कहा, "आपका वोट दतिया के उज्ज्वल भविष्य और मजबूत लोकतंत्र की नींव है। मत देकर विकसित भारत और विकसित मध्य प्रदेश के निर्माण में सहभागी बनें।"

बांकीपुर में मतदान के बीच बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोगों से अपील की कि पहले मतदान, फिर जलपान। उन्होंने कहा, "लोकतंत्र की मजबूती हर जागरूक मतदाता की भागीदारी से सुनिश्चित होती है। आइए, अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करें और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।"

बता दें कि बिहार के बांकीपुर, मध्य प्रदेश के दतिया और गुजरात के मंजलपुर विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए सुबह 7 बजे मतदान व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुआ। चुनाव आयोग और स्थानीय प्रशासन ने सुचारू और शांतिपूर्ण मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत उपाय किए हैं।

सुबह 9 बजे तक बांकीपुर विधानसभा सीट पर 4.61 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ, जबकि मांजलपुर में 6.06 प्रतिशत और दतिया में 12.94 प्रतिशत वोट पड़े।

--आईएएनएस

डीसीएच/