बैंक ऑफ बड़ौदा में नौकरी का सुनहरा मौका, कई पदों पर आवेदन शुरू, जानें डिटेल
मुंबई, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। बैंकिंग सेक्टर से जुड़े जो लोग बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) में नियुक्त होना चाहते हैं, उनके लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, बीओबी, मुंबई ने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत वरिष्ठ पदों पर निश्चित अवधि के लिए अनुबंध आधार पर उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।
बीओबी की ओर से जारी रिक्तियों में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (एसवीपी): डिप्टी चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (डिप्टी सीटीओ) का 1; वाइस प्रेसिडेंट (वीपी): हेड एआई का 1; डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट (डीवीपी): डिप्टी हेड क्लाउड सीओई (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) का 1; और डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट (डीवीपी): डिप्टी हेड प्लेटफॉर्म इंजीनियरिंग का 1 पद शामिल है।
इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 28 अक्टूबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 17 नवंबर तक तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार बीओबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से एसवीपी: डिप्टी चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (डिप्टी सीटीओ) के लिए इंजीनियरिंग ग्रेजुएट, एमसीए या इसके समकक्ष योग्यता; वीपी: हेड एआई के लिए कंप्यूटर साइंस/इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी/किसी संबंधित क्षेत्र में बीई या बीटेक या एमसीए; डीवीपी: डिप्टी हेड क्लाउड सीओई (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) के लिए कंप्यूटर साइंस, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन या इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स में बीई/बीटेक या एमसीए; और डीवीपी: डिप्टी हेड प्लेटफॉर्म इंजीनियरिंग के लिए कंप्यूटर साइंस, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन या इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स में बीई/बीटेक या एमसीए की योग्यता होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त, कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में पदों के अनुसार निर्धारित 10 से 15 वर्षों का अनुभव होना भी जरूरी है।
आवेदकों की न्यूनतम आयु डीवीपी: डिप्टी हेड क्लाउड सीओई (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) और डीवीपी: डिप्टी हेड प्लेटफॉर्म इंजीनियरिंग के लिए 35 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष; वीपी: हेड एआई के लिए न्यूनतम आयु 38 वर्ष और अधिकतम आयु 48 वर्ष; एवं एसवीपी: डिप्टी चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (डिप्टी सीटीओ) के लिए अधिकतम आयु 50 वर्ष तय की गई है। सभी पदों के लिए आयु की गणना 1 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, साइकोमेट्रिक या अन्य टेस्ट, साक्षात्कार और वेतन पर बातचीत के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी बीओबी के वेतनमान नियमों के अनुसार होगी।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम