×

बांग्लादेश की नई सरकार से मजबूत संबंध की उम्मीद: आरपी सिंह

 

नई दिल्ली, 15 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता आरपी सिंह ने बांग्लादेश की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह, पाकिस्तान को लेकर सुरक्षा संबंधी मुद्दों और टी20 विश्व कप में भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा कि भारत अपने पड़ोसी देशों के साथ सकारात्मक और स्थिर संबंधों का पक्षधर रहा है तथा भविष्य में भी यही रुख बनाए रखेगा।

बांग्लादेश में 17 फरवरी को होने वाले नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भारत समेत कई देशों के शीर्ष नेतृत्व को आमंत्रित किया गया है। इस संदर्भ में आरपी सिंह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश में पूर्व निर्धारित बैठक होने के कारण वह समारोह में शामिल नहीं हो पाएंगे।

उन्होंने कहा कि समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व ओम बिरला और विक्रम मिसरी करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत और बांग्लादेश के संबंध ऐतिहासिक रूप से मजबूत और सहयोगपूर्ण रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई सरकार भी द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने और आपसी सहयोग को सुदृढ़ करने का काम करेगी।

टी20 विश्व कप में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर उठ रहे विरोध और राजनीतिक बयानबाजी पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' अभी भी जारी है और यदि पाकिस्तान की ओर से कोई उकसावे वाली कार्रवाई होती है तो उसे पहले से अधिक कड़ा और निर्णायक जवाब दिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि क्रिकेट एक खेल है और उसे खेल भावना के साथ ही देखा जाना चाहिए। इसमें अनावश्यक राजनीति नहीं लानी चाहिए।

खिलाड़ियों के आपसी व्यवहार को लेकर उठे सवालों पर आरपी सिंह ने कहा कि हर खिलाड़ी की अपनी व्यक्तिगत भावना होती है कि वह किसी से हाथ मिलाए या नहीं मिलाए। उन्होंने कहा कि इस विषय में किसी प्रकार का आधिकारिक संदेश नहीं दिया गया है। यदि कोई भारतीय खिलाड़ी व्यक्तिगत कारणों से पाकिस्तानी खिलाड़ी से हाथ नहीं मिलाना चाहता तो यह उसका निजी निर्णय हो सकता है। उन्होंने दोहराया कि खेल को खेल भावना के साथ खेला जाना चाहिए और उम्मीद जताई कि आज का मुकाबला भी भारत के पक्ष में रहेगा।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी