बांग्लादेश में भारतीय उच्चायुक्त की सांस्कृतिक मंत्री से मुलाकात, लोक कला और सांस्कृतिक रिश्तों पर हुई चर्चा
नई दिल्ली, 6 सितंबर (आईएएनएस)। भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने बांग्लादेश के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री निताई रॉय चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा हुई।
बांग्लादेश में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस बैठक की जानकारी साझा की। दूतावास ने पोस्ट में लिखा, ''हाई कमिश्नर दिनेश त्रिवेदी ने 6 सितंबर को बांग्लादेश के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री निताई रॉय चौधरी से मुलाकात की। इस बैठक में सांस्कृतिक मामलों के राज्यमंत्री अली नवाज महमूद खय्याम भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान दोनों देशों के लोगों के बीच लंबे समय से चले आ रहे सांस्कृतिक रिश्तों और उन्हें और मजबूत बनाने की जरूरत पर जोर दिया गया।''
दूतावास ने बताया कि दोनों पक्षों ने शास्त्रीय संगीत, लोक कला, विरासत संरक्षण, संस्थानों के बीच सहयोग और संयुक्त सांस्कृतिक कार्यक्रमों व सम्मेलनों जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की। खास तौर पर 'नजरुल बोर्शो' समारोह के तहत होने वाली गतिविधियों पर भी बात हुई।
इन सभी पहलों का उद्देश्य भारत और बांग्लादेश के लोगों के बीच आपसी संपर्क और रिश्तों को और मजबूत बनाना है। इससे पहले पिछले सप्ताह उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने जातीय संसद के अध्यक्ष मेजर (रिटायर्ड) हफीजुद्दीन अहमद, बीर बिक्रम और उपाध्यक्ष बैरिस्टर कैसर कमाल से अलग-अलग शिष्टाचार मुलाकात की।
दूतावास के अनुसार, हाई कमिश्नर ने भारतीय और बांग्लादेशी नागरिकों के बीच मौजूद संबंधों को और मजबूत करने के लिए दोनों संप्रभु और लोकतांत्रिक देशों की संसदों के बीच आपसी जुड़ाव के महत्व पर जोर दिया। बातचीत में संसदीय मैत्री समूहों के गठन, दोनों स्पीकरों की देखरेख में संसदीय प्रतिनिधिमंडलों की द्विपक्षीय यात्राओं, संसदीय समितियों के बीच सहयोग और संसदीय दस्तावेजों के डिजिटलीकरण जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
--आईएएनएस
एवाई/पीएम