×

बांग्लादेश के नाम रहा डार्विन टेस्ट का पहला दिन, ऑस्ट्रेलिया की हालत खस्ता

 

डार्विन, 13 अगस्त (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच पहला टेस्ट मुकाबला डार्विन के मरारा क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। टेस्ट का पहला दिन पूरी तरह से बांग्लादेश के नाम रहा। ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 198 रनों पर समेटने के बाद बांग्लादेश ने सिर्फ एक विकेट खोकर 96 रन बना लिए हैं।

पहली पारी में बांग्लादेश की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और शादमान इस्लाम 30 गेंदों का सामना करने के बाद 20 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद तंजीद हसन तमीम और मोमिनुल हक ने मोर्चा संभाला और दिन का खेल खत्म होने तक टीम को कोई और झटका नहीं लगने दिया।

दूसरे विकेट के लिए दोनों मिलकर 60 रनों की अटूट साझेदारी निभा चुके हैं। तंजीद 67 गेंदों का सामना करने के बाद 32 रन बनाकर खेल रहे हैं, जबकि मोमिनुल 49 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 35 रन बना चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एकमात्र विकेट मिचेल स्टार्क ने चटकाया है।

इससे पहले, बांग्लादेश के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम को पहली पारी में 198 रनों पर समेटा। ट्रेविस हेड और जैक वेदराल्ड ने पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़े। हेड 22 रन बनाकर हसन महमूद की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए, जबकि वेदराल्ड 23 रन ही बना सके। मार्नस लाबुशेन एक रन बनाने के बाद इबादत हुसैन का शिकार बने। कैमरून ग्रीन 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

वहीं, एलेक्स कैरी 19 और ब्यू वेबस्टर 12 रन बनाकर आउट हुए, हालांकि स्टीव स्मिथ एक छोर को संभालकर खड़े रहे और उन्होंने अर्धशतकीय पारी खेली। स्मिथ 109 गेंदों का सामना करने के बाद 71 रन बनाकर हसन महमूद की गेंद पर लिटन दास को कैच देकर आउट हुए।

कप्तान पैट कमिंस 9 ही रन बना सके, तो मिचेल स्टार्क (1 रन) और नाथन लायन (7 रन) भी बल्ले से कुछ खास योगदान नहीं दे सके। जोश हेजलवुड 7 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में बांग्लादेश की ओर से हसन महमूद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 55 रन देकर 6 विकेट निकाले, जबकि तस्कीन अहमद और इबादत हुसैन ने दो-दो विकेट चटकाए।

--आईएएनएस

एसएम/वीसी