बांग्लादेश: भारत के उच्चायुक्त ने पर्यटन मंत्री मिल्लत से की मुलाकात, हवाई सेवा बेहतर करने पर हुई चर्चा
ढाका, 16 सितंबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने बुधवार को देश के पर्यटन मंत्री रशीदुज्जमान मिल्लत से मुलाकात की। दोनों के बीच हवाई सेवाओं को और बेहतर करने पर गंभीर चर्चा हुई।
उच्चायोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। बताया कि भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने 16 सितंबर 2026 को नागरिक उड्डयन और पर्यटन मंत्री श्री एम. रशीदुज्जमान मिल्लत से मुलाकात की। दोनों ने नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने, हवाई कनेक्टिविटी बेहतर करने, एयर कार्गो क्षमता बढ़ाने, आपसी कामकाज के तरीकों में सुधार करने और पर्यटन को बढ़ावा देने जैसे कई विषयों पर चर्चा की।
त्रिवेदी ने 25 जून 2026 को बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त के रूप में औपचारिक रूप से पदभार संभाला था। पूर्व केंद्रीय मंत्री पश्चिम बंगाल की राजनीति, बंगाली भाषा और संस्कृति से अच्छी तरह परिचित हैं। भारत सरकार ने उन्हें इस राजनयिक जिम्मेदारी के साथ-साथ केंद्रीय कैबिनेट मंत्री के समकक्ष व्यक्तिगत दर्जा भी प्रदान किया है।
पदभार संभालने के बाद ही उन्होंने दोनों देशों के बीच टूरिस्ट वीजा को फिर से शुरू करने की घोषणा की थी। लगभग दो साल के स्थगन के बाद इस सेवा को 28 जून से बहाल किया गया।
राजनीतिक बदलावों और अस्थिरता के बाद भारत सरकार ने बांग्लादेशी नागरिकों के लिए टूरिस्ट वीजा सेवाओं को क्रमिक रूप से पुनः आरंभ किया। ढाका, चटगांव, राजशाही, सिलहट और खुलना स्थित वीजा केंद्रों के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया संचालित की जा रही है।
बांग्लादेश में लोग सुंदरबन मैंग्रोव वन, श्रीमंगल के चाय बागान, ढाका का लालबाग किला और ऐतिहासिक बौद्ध स्थल देखने जाते हैं, तो भारत में ताजमहल (आगरा), कोलकाता, और पूर्वोत्तर के राज्य बांग्लादेशियों के मुख्य आकर्षण का केंद्र रहते हैं।
भारत और बांग्लादेश के बीच पर्यटन मुख्य रूप से सांस्कृतिक आदान-प्रदान, ऐतिहासिक संबंधों और चिकित्सा पर्यटन पर आधारित है।
--आईएएनएस
केआर/