×

बंगाल से ममता बनर्जी की सरकार को उखाड़ फेंकेंगे: सम्राट चौधरी

 

जलपाईगुड़ी, 8 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने पश्चिम बंगाल की टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने मन बना लिया है कि इस बार परिवर्तन किया जाए। हम सभी ममता बनर्जी की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा बंगाल में आदिवासी समुदायों, गोरखा समुदाय और बंगाली समाज सहित लोगों की भलाई के लिए काम कर रही है।

डिप्टी सीएम रविवार को बंगाल दौरे पर थे। यहां उन्होंने पश्चिम बंगाल के क्रांति, माल विधानसभा (सिलीगुड़ी) में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार, अराजकता और अन्याय की प्रतीक बन चुकी है। परिवर्तन यात्रा बंगाल की जनता की वह सशक्त पुकार है, जो राज्य को कुशासन से मुक्त कर पीएम मोदी के नेतृत्व में जवाबदेही, सुशासन और विकास के नए युग की स्थापना करना चाहती है।

उन्होंने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और आदिवासी समाज की भावनाओं की अनदेखी बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण है। सिलिगुड़ी में अंतरराष्ट्रीय संथाल सम्मेलन के स्थल को छोटा कर दिया गया और न मुख्यमंत्री और न कोई मंत्री उन्हें रिसीव करने पहुंचे।

राष्ट्रपति ने खुद दुख जताया कि क्या ममता दीदी मुझसे नाराज हैं। यह आदिवासी समुदाय और राष्ट्र के सर्वोच्च पद का अपमान है। पश्चिम बंगाल की टीएमसी सरकार ने मर्यादा की सभी सीमाएं लांघ दी हैं। राष्ट्रपति का पद राजनीति से ऊपर है। इसकी गरिमा का सम्मान हर हाल में होना ही चाहिए। ममता बनर्जी ने निकृष्ट राजनीति पेश कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को तार-तार कर दिया है।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का जिक्र करते हुए डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि सभी माताओं एवं बहनों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। नारी शक्ति साहस, त्याग, ममता और सृजन की अद्भुत प्रतीक है। परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में महिलाओं का योगदान अमूल्य और प्रेरणादायी रहा है। आज का यह दिवस हमें महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण के प्रति अपने संकल्प को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है। आइए, हम सब मिलकर महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर सुनिश्चित करने का संकल्प लें, ताकि एक सशक्त और समृद्ध समाज का निर्माण हो सके।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी