×

बंगाल में विकास के लिए जनता भाजपा की सरकार बनाएगी : इंद्रनील खान

 

नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को लेकर टीएमसी और भाजपा नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। टीएमसी का दावा है कि चौथी बार ममता बनर्जी सीएम बनने जा रही हैं, वहीं भाजपा नेताओं का दावा है कि इस बार बंगाल की जनता विकास के लिए भाजपा की सरकार बनाएगी।

कोलकाता में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता इंद्रनील खान ने कहा कि माहौल भाजपा के पक्ष में है। टीएमसी की जमीन खिसक चुकी है, इसीलिए वे लोग हिंसा पर उतर गए हैं। बंगाल की जनता सबकुछ देख रही है और चुनाव में करारा जवाब देने के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी के संरक्षण में जो कुछ भी हो रहा है, वह ठीक नहीं है। क्योंकि, टीएमसी को निष्पक्ष चुनाव पर भरोसा नहीं है। वे तो घुसपैठ वोटरों के दम पर सरकार बनाते आए हैं। टीएमसी कानून के राज में विश्वास नहीं रखती। ममता बनर्जी की पार्टी को लगता है कि सरकार उनकी है, इसलिए कानून भी उनका ही है। लेकिन ममता बनर्जी और टीएमसी को यह जान लेना चाहिए कि यह भारत है। भले ही राज्य में आपकी सरकार 15 साल से हो, लेकिन पार्टी का नेता हो या कार्यकर्ता, देश के कानून के खिलाफ कोई नहीं जा सकता है।

यूसीसी को लेकर उन्होंने कहा कि यूसीसी निश्चित रूप से आज की जरूरत है, क्योंकि देश में हर किसी के लिए एक ही कानून होना चाहिए। जब विकास का कोई कार्यक्रम होता है और इतनी सारी सरकारी योजनाएं होती हैं, तो वे सभी के लिए समान होती हैं। कोई यह नहीं देखता कि कौन हिंदू है, कौन मुस्लिम है, कौन ईसाई है या कौन जैन है। इसलिए, कानून भी एक ही होना चाहिए।

भाजपा नेता रितेश तिवारी ने कहा कि इस बार टीएमसी के लिए बाहर का रास्ता खुला हुआ है, उनके जाने का समय तय हो चुका है। भाजपा एक विशाल जीत की ओर बढ़ रही है। 4 मई को परिणाम आएंगे और भाजपा प्रदेश में अगली सरकार बना रही होगी।

पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 294 विधानसभा सीटों के लिए मतदान कराए जाएंगे। मतदान संपन्न होने के बाद 4 मई को परिणाम घोषित किया जाएगा।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम