बंगाल में नाबालिग से रेप का आरोपी मुठभेड़ में ढेर, पूरे राज्य में कानून का राज : सुकांत मजूमदार
बालुरघाट, 9 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में नाबालिग लड़की से बलात्कार और हत्या के मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। इस मामले के आरोपी दिलीप राय की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने भागने की कोशिश के दौरान पुलिस टीम पर गोली चला दी थी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।
इस घटना पर केंद्रीय राज्यमंत्री और बालुरघाट के सांसद सुकांत मजूमदार ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चलाई और उनकी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया। इसके बाद पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।
सुकांत मजूमदार ने कहा कि पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भागने की कोशिश के दौरान अपराधी ने पुलिस पर गोली चलाई थी, जिसके निशान पुलिस के वाहन पर भी मौजूद हैं। यह स्वाभाविक है कि अगर कोई पुलिस पर गोली चलाएगा तो पुलिस भी गोली से ही जवाब देगी।
उन्होंने इस घटना को लेकर पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। सुकांत मजूमदार ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी की सरकार के समय बलात्कार के आरोपियों को संरक्षण दिया जाता था। पीड़ित महिलाओं के चरित्र को लेकर सवाल उठाए जाते थे और उन्हें ही कटघरे में खड़ा किया जाता था। ममता बनर्जी और उनकी पार्टी के लोगों द्वारा पीड़ितों के चरित्र पर ही उंगलियां उठाई जाती थीं।
सुकांत मजूमदार ने कहा कि हमारी सरकार ऐसी सरकार नहीं है। हमारी सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने वाली सरकार है। हमारी सरकार में अपराधियों को किसी भी तरह का संरक्षण नहीं मिलेगा और पीड़ितों को न्याय दिलाया जाएगा।
बता दें कि रायगंज में नाबालिग लड़की की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। कुलिक फॉरेस्ट से लड़की का सड़ा-गला शव बरामद हुआ था। शव मिलने के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम