×

पश्चिम बंगाल की जनता ने ममता सरकार की विदाई तय की : दीपक बर्मन

 

फालाकाटा, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा नेता दीपक बर्मन ने पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को लेकर दावा किया है कि इस बार बंगाल में जनता परिवर्तन करने जा रही है और ममता सरकार की विदाई तय है।

फालाकाटा में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता दीपक बर्मन ने 2021 के विधानसभा चुनाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने पिछले विधानसभा चुनाव केवल फर्जी मतदाताओं, मृत मतदाताओं और घुसपैठियों की मदद से जीता था। लेकिन, इस बार उनकी पुरानी चाल काम नहीं आने वाली है।

दीपक बर्मन ने दावा किया कि उत्तर बंगाल भाजपा का गढ़ है। वहां तृणमूल कांग्रेस की कोई वास्तविक मौजूदगी नहीं है। वहां केवल पुलिस, बीडीओ, एसडीओ और डीएम के जरिए लोगों को डरा-धमकाकर और दबाव डालकर कुछ वोट हासिल किए जाते हैं। लेकिन, अगर ऐसा न हो तो मैं यकीन के साथ कह सकता हूं कि यहां पर एक भी सीट टीएमसी के खाते में नहीं जाएगी।

भाजपा नेता ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस को उत्तर बंगाल में 10 से ज्यादा सीटें नहीं मिलेंगी। पूरे उत्तर बंगाल में वे दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच पाएंगे। हम लोग बहुत पहले से कह रहे हैं कि बंगाल में ‘महाजंगलराज’ चल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी इसे मान लिया है। इस बार बदलाव जरूर होगा।

बर्मन ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने कभी भी केंद्रीय बलों का सम्मान नहीं किया और देशहित में कोई कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि कम्युनिस्ट और तृणमूल कांग्रेस दोनों एक ही हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने ठान लिया है कि इस बार ममता बनर्जी को हटाएंगे। पूरे बंगाल में भारतीय जनता पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलेगा।

दीपक बर्मन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कई बार उत्तर बंगाल आए और उनकी सभाओं में भारी भीड़ उमड़ती है। उन्होंने दावा किया कि लोगों की यह भारी उपस्थिति ईवीएम में पूरी तरह वोट में बदल जाएगी। पिछले चुनाव में भी ऐसा हुआ था और इस बार भी सौ प्रतिशत लोगों की उपस्थिति वोट में कन्वर्ट होगी।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम