×

बांद्रा पथराव मामला: पुलिस ने तीन आरोपियों को किया पेश, कोर्ट ने 26 मई तक हिरासत में भेजा

 

मुंबई, 22 मई (आईएएनएस)। मुंबई बांद्रा पथराव मामले में निर्मल नगर पुलिस ने गिरफ्तार तीन आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। यहां कोर्ट ने तीनों आरोपियों को 26 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

बांद्रा डेमोलिशन के दौरान पथराव और पुलिस पर हमले के आरोप में आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया था। आरोपी सद्दाम अंसारी के वकील ने कोर्ट में दलील दी कि फोटो में दिख रहा शख्स सद्दाम अंसारी ही है, इसकी पुष्टि नहीं होती। बचाव पक्ष ने कहा कि केवल फोटो के आधार पर आरोपी की पहचान तय नहीं की जा सकती।

वहीं, सरकारी पक्ष ने कोर्ट को बताया कि सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है। पब्लिक प्रॉसिक्यूटर ने कहा कि मामले में अन्य आरोपियों की भी पहचान करना अभी बाकी है। जांच अभी शुरुआती चरण में है, इसलिए आरोपियों की पुलिस हिरासत जरूरी है।

पुलिस का दावा है कि पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे और हमले में पेवर ब्लॉक का भी इस्तेमाल किया गया था। कोर्ट में सुनवाई के दौरान पुलिस ने मामले को गंभीर बताते हुए आगे की जांच के लिए समय मांगा।

पुलिस की प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने साजिश के तहत ही टीम पर पथराव किया था। एफआईआर के अनुसार, घटना 20 मई को बांद्रा ईस्ट रेलवे स्टेशन के पास गरीब नगर इलाके में गैर-कानूनी स्ट्रक्चर हटाने के एक ऑपरेशन के दौरान हुई। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेशों और तोड़फोड़ के तय शेड्यूल से जुड़े निर्देशों के बाद की जा रही थी। अधिकारियों ने ऑपरेशन के दौरान मुंबई पुलिस, रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ), होम गार्ड और दूसरे स्टाफ को तैनात किया था।

जब अधिकारी तोड़फोड़ की कार्रवाई कर रहे थे, तो मौके पर लगभग 100 से 150 लोगों की भीड़ जमा हो गई और विरोध करने लगी। पुलिस अधिकारियों ने कथित तौर पर बार-बार अनाउंसमेंट करके लोगों से शांति से हटने के लिए कहा, लेकिन कहा जा रहा है कि भीड़ गुस्से में आ गई और ऑपरेशन में रुकावट डालने की कोशिश की।

--आईएएनएस

एमएस/