बांदीपोरा: उपायुक्त इंदु कंवल चिब ने मोहर्रम की तैयारियों का लिया जायजा
बांदीपोरा (जम्मू-कश्मीर), 8 जून (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में उपायुक्त इंदु कंवल चिब ने मोहर्रम को लेकर हो रही तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही, उन्होंने यह जानने का प्रयास किया कि इन तैयारियों के दौरान कहां पर खामियां बरती जा रही हैं। अगर कहीं पर किसी भी प्रकार की खामी देखने को मिली तो उसे दुरुस्त करने का निर्देश उनकी तरफ से दिया गया है। इस संबंध में उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से भी बातचीत की।
उपायुक्त इंदु कंवल चिब ने कहा कि मोहर्रम को लेकर प्रशासन की तरफ से हर साल तैयारी की जाती है। लिहाजा हमने तैयारियों की समीक्षा की और यह जानने की भी कोशिश की कि कहां पर खामी आ रही है?
उन्होंने आगे कहा कि हम सभी जगहों पर गए। हम इमामबाड़ा भी गए और यह जानने की कोशिश की कि अब तक प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की गई। साथ ही, हमने उन जगहों का भी दौरा किया, जहां से मोहर्रम का पूरा काफिला गुजरेगा। हमने यह जानने की कोशिश कि जिन जगहों से काफिला गुजरेगा, वहां पर अभी तक प्रशासन की ओर से क्या तैयारियां की गई हैं, कहीं पर कुछ बचा तो नहीं है।
उधर, उपायुक्त इंदु कंवल चिब ने कहा कि तैयारियों की समीक्षा के दौरान ड्रेन की भी समस्या आई, जिसके बाद हमें यह पता चला कि ड्रेन को क्लियर करने की जरूरत है। इसके इतर, कुछ अन्य बिंदु भी सामने आए हैं, जिन्हें दूर करने की जरूरत है।
बता दें कि मोहर्रम इस्लामिक कैलेंडर का पहला महीना है। यह मुख्य रूप से शिया मुसलमानों का शोक का महीना है। इस महीने की 10 तारीख को इमाम हुसैन (रजि.) और उनके 72 साथियों की करबला में शहादत हुई थी। शिया समुदाय इस घटना को याद करते हुए मातम, जुलूस, ताजिया और मजलिस निकालता है। मोहर्रम शांति, बलिदान और न्याय की याद दिलाता है।
--आईएएनएस
एसएचके/डीकेपी